राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से जुड़ी जानकारी देने से मंत्रालय का इन्कार
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से जुड़ी सभी जानकारियों को गोपनीय बताया है।
स्वदेश कुमार, नई दिल्ली। हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से अभिनेता अक्षय कुमार सहित कई अन्य कलाकारों को 64वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इससे जुड़ी जानकारी को सार्वजनिक करने से सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने इन्कार कर दिया है। एक आरटीआइ के जवाब में मंत्रालय के डायरेक्टरेट ऑफ फिल्म फेस्टिवल ने सभी जानकारियों को गोपनीय करार दिया है।
आरटीआइ कार्यकर्ता नीरज शर्मा का कहना है कि जब किसी की डिग्री गोपनीय नहीं है और भारत रत्न से जुड़ी जानकारियां सार्वजनिक हो सकती हैं तो मंत्रालय को फिल्म पुरस्कार की जानकारी देने पर एतराज नहीं होना चाहिए। उन्होंने इसके खिलाफ विभाग में अपील की है।
दिल्ली के लक्ष्मीनगर निवासी नीरज शर्मा ने अपनी आरटीआइ में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के लिए अक्षय कुमार की इंट्री (नॉमिनेशन) की जानकारी मांगी थी। इसमें उन्होंने पूछा कि अक्षय कुमार की इंट्री किसकी ओर से हुई। अर्जी में नीरज ने ज्यूरी सदस्यों की जानकारी, बैठक के मिनट्स, ज्यूरी सदस्यों का चयन और फिल्म पुरस्कार से संबंधित कई अन्य जानकारियां मांगी थी।
डायरेक्टरेट ऑफ फिल्म फेस्टिवल ने अपने जवाब में कहा कि इंट्री की जानकारी तीसरे पक्ष से जुड़ी हुई है और यह गोपनीय है। साथ ही बैठक के मिनट्स को भी विभाग ने गोपनीय करार दिया। अन्य सूचनाओं को भी विभाग ने इसी तरह से सार्वजनिक करने से इंकार कर दिया। आरटीआइ के जवाब में विभाग की ओर से सिर्फ ज्यूरी के सदस्यों की लिस्ट और नियमावली दी गई है।
यह भी पढ़ें: लोकसभा और राज्यसभा के नौ सांसदों को दिया गया सांसद रत्न पुरस्कार