मेट्रो सेवा से जुड़ने वाला देश का आठवां शहर बना लखनऊ, ये हैं अन्य शहर
लखनऊ से पहले देश के 7 अन्य शहरों में मेट्रो सुविधा शुरू हो चुकी है। कई अन्य शहरों में भी इसे शुरू करने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
नई दिल्ली (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेट्रो ट्रेन का ट्रायल शुरू हो गया है। स्वयं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस ट्रायल रन की शुरुआत के दौरान मौजूद रहे और उन्होंने हरी झंड़ी दिखाकर ट्रायल ट्रेन को रवाना किया। लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन ने इसके लिए पहले ही पूरी तैयारी कर ली थीं। इस तरह से लखनऊ देश का आठवां शहर हो गया है, जहां मेट्रो जैसी आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध है।
गुरुवार से शुरू हुआ यह ट्रायल रन पूरा होने पर फरवरी के अंत या मार्च 2017 में लखनऊ की आम जनता इसकी सवारी कर पाएगी। परियोजना के फेज़-1 (23 किमी लंबा नार्थ-साउथ कॉरीडोर) चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से मुंशी पुलिया तक की दूरी को कवर करेगा और इसमें कुल 21 स्टेशन पड़ेंगे। इसके तहत ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक 8.5 किमी लम्बा प्राथमिक सेक्शन निर्मित किया गया है।
लखनऊ मेट्रो : नवाबी लखनऊ की शान
इस रूट पर 8 एलिवेटेड स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, कृष्णा नगर, सिंगार नगर, आलमबाग, आलमबाग बस स्टेशन, मवइया, दुर्गापुरी और चारबाग आएंगे। स्टेशनों के अंदर अवध की शान झलकेगी।
Trial Run: मुख्यमंत्री अखिलेश ने किया लखनऊ मेट्रो का उद्घाटन
लखनऊ से पहले देश के 7 अन्य शहरों (कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जयपुर, गुड़गांव और चेन्नई) में मेट्रो सुविधा शुरू हो चुकी है। यही नहीं देशभर के कई अन्य शहरों में भी इस आधुनिक परिवहन सुविधा को शुरू करने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कोलकाता मेट्रो- देश की पहली मेट्रो
देश में पहली बार मेट्रो ट्रेन कोलकाता में शुरू हुई थी। इस पुराने शहर में साल 1984 में मेट्रो सेवा की शुरुआत हुई थी और 2013 से इसका विस्तार कार्य भी चल रहा है। कोलकाता मेट्रो के 28.1 किमी में कुल 24 स्टेशन हैं।
दिल्ली मेट्रो- राजधानी की लाइफ लाइन
देश की राजधानी दिल्ली में भी साल 2002 में आधुनिकत्तम परिवहन सेवा मेट्रो रेल की शुरुआत हुई। तब से लेकर अब तक इसका लगातार विस्तार हो रहा है। 210 किमी से ज्यादा लंबी दिल्ली मेट्रो के फिलहाल 160 से ज्यादा स्टेशनों से यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं।
नम्मा मेट्रो- आईटी सिटी बेंगलुरु की अपनी मेट्रो
आईटी सिटी और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आधुनिक मेट्रो सेवा की शुरुआत साल 2011 में हुई थी। इसके विस्तार पर भी काम चल रहा है। यहां 2 लाइन पर करीब 32 किमी लंबी इस मेट्रो सेवा में कुल 30 स्टेशन हैं। इसका नाम 'नम्मा मेट्रो' रखा गया है, जिसका हिन्दी में अर्थ 'अपनी मेट्रो' होता है।
रैपिड मेट्रो रेल- गुड़गांव की रफ्तार
एनसीआर के प्रमुख शहर गुड़गांव में साल 2013 में रैपिड मेट्रो की शुरुआत हुई। 5.1 किमी लंबी इस मेट्रो सेवा के कुल 6 स्टेशन हैं। इसकी सबसे खास और अच्छी बात यह है कि यह सेवा सीधे दिल्ली मेट्रो सेवा से जुड़ी हुई है और दिल्ली मेट्रो के टोकन व कार्ड यहां भी मान्य हैं।
मेट्रो रन ट्रायल में चालक इलाहाबाद की प्रतिभा और मीरजापुर की प्राची
मुंबई मेट्रो- आर्थिक राजधानी की शान
उपनगरीय रेल सेवा को लाइफलाइन मानने वाली मुंबई को जब साल 2014 में मेट्रो सेवा मिली तो यहां के लोगों ने इसे हाथों-हाथ लिया। 11 किमी से ज्यादा दूरी तय करने वाली मुंबई मेट्रो में कुल 12 स्टेशन हैं और इसके फेज-2 व फेज-3 की योजना बन रही है। यही नहीं मुंबई के लोगों को मोनो रेल की भी सुविधा मिल रही है।
जयपुर मेट्रो- गुलाबी शहर की रंगत
राजस्थान की राजधानी और गुलाबी शहर के नाम से मशहूर जयपुर में जून 2015 में मेट्रो सेवा की शुरुआत हुई। करीब 10 किमी लंबी इस मेट्रो सेवा में 9 स्टेशन हैं। गुलाबी नगरी में अभी तक मेट्रो एलिवेटेड लाइन पर ही है, इसमें कोई भी स्टेशन अंडरग्राउंड नहीं है।
चेन्नई मेट्रो- मद्रास सी मीठी
चेन्नई का पुराना नाम मद्रास था और इसका शाब्दिक अर्थ होता है मधुरस, यानी शहद। चेन्नई में मेट्रो सेवा की शुरुआत साल 2015 में हुई और करीब 19 किमी लंबी इस मेट्रो सेवा में 13 स्टेशन हैं। बता दें कि अब भी इसका विस्तार किया जा रहा है।