मोदी का पीएम बनना होगा विनाशकारी: माया
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती बृहस्पतिवार को पूरे रौ में थीं। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों का वोट बंटा तो भाजपा को केंद्र की सत्ता में आने से कोई रोक नहीं सकता। मुसलमानों को खबरदार करते हुए कहा यदि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं तो देश को दंगों की आग में झुलसने से
लखनऊ, जागरण न्यूज नेटवर्क। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती बृहस्पतिवार को पूरे रौ में थीं। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों का वोट बंटा तो भाजपा को केंद्र की सत्ता में आने से कोई रोक नहीं सकता। मुसलमानों को खबरदार करते हुए कहा यदि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं तो देश को दंगों की आग में झुलसने से नहीं बचाया जा सकेगा। उनका प्रधानमंत्री बनना विनाशकारी होगा। यदि मोदी को रोकना है तो मुसलमान एकजुट होकर बसपा को वोट दें।
सुल्तानपुर व प्रतापगढ़ में आयोजित जनसभाओं में मायावती ने भाजपा और मोदी द्वारा विकास और सुशासन के दिखाए जा रहे सब्जबाग को धोना शुरू किया। कहा कि ये कहते कुछ हैं और करते कुछ। प्रदूषित नदियों की सफाई करने की इन्होंने बात की थी। छह साल तक सत्ता में रहे, इन्हें ये भी बताना चाहिए कि तब नदियों की सफाई क्यों नहीं हो पाई और प्लान क्यों नहीं बना। उन्होंने कहा कि सत्ता में भाजपा जब पहुंची तो संविधान समीक्षा के नाम पर आरक्षण खत्म करने की साजिश रची। मैंने विरोध किया और बसपा का प्रबल विरोध देख भाजपा को पीछे हटना पड़ा। वे बोलीं कि कांग्रेस और भाजपा ने सिर्फ पूंजीपतियों को ही फायदा पहुंचाया है। बसपा सर्वसमाज के हित की बात करती है।
सपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की इस सरकार में डकैती, अपहरण, चोरी, हत्या की घटनाएं बेलगाम हैं। साथ ही सांप्रदायिक दंगे भी खूब हुए। मुजफ्फरनगर और शामली तो इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि वे सत्ता में आई या उनके समर्थन से केंद्र में सरकार बनी तो सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली में बंद पड़े कारखानों को चालू किया जाएगा।
पढ़े: मोदी के लिए उमड़ी काशी, अभिभूत नमो बोले- मां गंगा ने बुलाया