Move to Jagran APP

VIDEO : बिहार में तो पुलिस भी सुरक्षित नहीं : नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (नमो) शुक्रवार को फिर गरजे। लालू-नीतीश के साथ कांग्रेस भी निशाने पर थी। अपनी चिर-परिचित शैली में जनता से संवाद किया। सवाल किया तो मनमाफिक जवाब भी मिला।

By Amit AlokEdited By: Published: Fri, 09 Oct 2015 11:37 AM (IST)Updated: Sat, 10 Oct 2015 07:21 AM (IST)
VIDEO : बिहार में तो पुलिस भी सुरक्षित नहीं : नरेंद्र मोदी

जागरण टीम, सासाराम/औरंगाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (नमो) शुक्रवार को फिर गरजे। लालू-नीतीश के साथ कांग्रेस भी निशाने पर थी। अपनी चिर-परिचित शैली में जनता से संवाद किया। सवाल किया तो मनमाफिक जवाब भी मिला।

loksabha election banner

मोदी-मोदी के नारों के बीच वे जंगलराज, बिजली समेत तमाम मुद्दों पर महागठबंधन को घेरते रहे। कांग्रेस, राजद व जदयू से 60 साल का हिसाब मांगा। गुरुवार देर रात पटना में एएसपी को गोली मारे जाने का जिक्र करते हुए कहा कि पटना में पुलिस अधिकारी की गोली मार दी गई।

जिस राज्य की पुलिस सुरक्षित नहीं, वहां आम जनता का क्या होगा? क्या जंगलराज आने देंगे? भीड़ से जवाब मिला, नहीं। फिर बिहार की सूरत बदलने के लिए जीत का भरोसा मांगा, उपस्थिति जनसमूह ने पुरजोर समर्थन किया। अपने बिहार दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री रोहतास जिला में डेहरी के सुअरा हवाई अड्डा मैदान और औरंगाबाद के बियाडा मैदान में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

लालू-सोनिया पर हमला : बकौल नमो, इनकी हिम्मत तो देखिए! जो जंगलराज कायम किए थे, आज वही खुश होकर जंगलराज पर भाषण दे रहे हैं। बिहार को फिर से जंगलराज बनाने पर तुले हैं। सारे उद्योग बंद कर फिर से अपहरण उद्योग शुरू करा दिए।

बिहार में जनवरी से जुलाई तक चार हजार अपहरण हो चुके हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मैडम सोनिया सभा में जनता को विकास का हिसाब देने के बजाय मोदी को गाली सुनाती हैं। एक-दूसरे को गाली देने वाले ये लोग राज्य के विकास के लिए कभी एक साथ नहीं आए। न तो मनमोहन जी के कार्यकाल में, न ही मेरे समय में। ये सिर्फ कुर्सी के लिए स्वार्थबंधन बनाए हुए हैं।

दिखाई बदहाली की तस्वीर : राज्य की बदहाली पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कई स्कूल ऐसे हैं, जहां शिक्षक पढ़ाने नहीं जाते। अस्पताल में डॉक्टर नहीं पहुंचते। बिहार प्रति व्यक्ति आय, शिक्षा व बिजली उपभोग में देश भर में 29वें स्थान पर है।

शुद्ध पेयजल के मामले में 26वें स्थान पर है। रोजगार सृजन के मामले में 20वें स्थान पर है। इसके लिए दोषी कौन है, जरा सोचिए। जब राजग की पूर्ण बहुमत की सरकार केंद्र में बनी, तो आज सबसे तेज गति से बढऩे वाला देश भारत है। आज पूरा विश्व भारत पर गर्व कर रहा है।

नीतीश पर निशाना : नमो ने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री पिछले चुनाव में घूम-घूमकर कहा करते थे कि बिजली नहीं देंगे तो वोट मांगने नहीं आएंगे। 2015 तक बिजली का जाल बिछा देंगे। जनता से संवाद किया कि क्या बिजली आई ? जवाब मिला : नहीं-नहीं।

फिर पूछा : तो क्या वे वोट मांगने आ रहे हैं, लोगों ने कहा : हां। बोले : तो जरा सोचिए, इनके वादे को। अगर बिजली होती तो यहां कल-कारखाने लगते। गांवों में रोशनी होती। बच्चों का भविष्य संवरता, लेकिन ऐसा क्यों नहीं हुआ?

नौजवानों से ले किसानों की टटोली नब्ज : नमो ने आज किसानों से लेकर नौजवानों तक की नब्ज टटोली। कहा कि बिहार के नौजवानों ने मौका मिलने पर दूसरे राज्यों की तकदीर संवार दी। राज्य में मौका मिलने पर क्या वे बिहार को नहीं संवारेंगे? एक लाख 65 हजार करोड़ का पैकेज बिहार के नौजवानों का भाग्य बदलने वाला है। धान के कटोरे के किसान आज बदहाली की स्थिति में हैं। उनकी स्थित भी सुधरेगी।

राज्य में पानी और जवानी : बिहार में पानी बहुत है, फिर भी यहां 400 करोड़ की मछली आंध्र प्रदेश से खरीद कर आती है। क्या बिहार के लोग मछली पाल कर रोजगार नहीं बढ़ा सकते? ऐसा अब तक इसलिए नहीं हुआ क्योंकि राज्य सरकार ने पानी और जवानी पर ध्यान नहीं दिया।

नमो ने कहा कि मांझी जी बढिय़ा काम कर रहे थे, फिर भी उन्हें हटा दिया गया। उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा की भी सराहना की। सभा को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, उपेंद्र कुशवाहा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, सांसद छेदी पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सीपी ठाकुर, जहानाबाद सांसद डा. अरुण कुमार, औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.