बच्चियों की हत्या के बाद भी दुष्कर्म करता था सीरियल किलर
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए सीरियल किलर रविंद्र ने एक बार फिर नोएडा के निठारी कांड की याद ताजा करा दी है। निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोहली की तरह रविंद्र भी छोटे बच्चे-बच्चियों को अपना शिकार बनाता था।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए सीरियल किलर रविंद्र ने एक बार फिर नोएडा के निठारी कांड की याद ताजा करा दी है। निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोहली की तरह रविंद्र भी छोटे बच्चे-बच्चियों को अपना शिकार बनाता था।
मासूमों द्वारा सहयोग न करने पर गला दबाकर उनकी हत्या कर देता। बाद में शवों के साथ दुष्कर्म व कुकर्म करता। कुछ मामलों में उसने दुष्कर्म करने से पहले ब्लू फिल्में भी देखी। उसके मोबाइल से कई फिल्में बरामद हुई हैं। फिलहाल, पुलिस उसकी मानसिक स्थिति के बारे में पता लगाने के लिए ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है।
पुलिस रविंद्र से पूछताछ कर उसका शिकार हुए बच्चों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बाहरी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि रविंद्र द्वारा अब तक सात बच्चों को शिकार बनाने की पुष्टि हो चुकी है। 10 साल से कम उम्र के बच्चे-बच्चियों को देखकर वह उतावला हो जाता था। उसने 15 मामलों में अपनी संलिप्तता की बात कुबूली है। पुलिस कस्टडी में लेकर सभी मामलों को चिन्हित किया जा रहा है।
अंधेरे में देता था वारदात को अंजाम
पूछताछ में पता चला कि सभी वारदातों को उसने अंधेरे के वक्त ही अंजाम दिया है। शाम के वक्त या तड़के उसके लिए वारदात को अंजाम देने के लिए माकूल समय होता था। वह घर के बाहर अकेले खेल रहे बच्चे व बच्चियों को बहला फुसलाकर अपने साथ किसी सुनसान इलाके में ले जाता था।
गलती का नहीं है पछतावा
सीरियल किलर रविंद्र को अपनी गलती का जरा भी पछतावा नहीं है। मीडिया के समक्ष बातचीत के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने कहा कि अगर पुलिस गिरफ्तार नहीं करती तो वह इस तरह और वारदातों को आगे भी अंजाम देता रहता।
ढाई दशक पूर्व एटा से दिल्ली चला गया था सीरियल किलर का परिवार
जागरण संवाददाता, एटा : दिल्ली में गिरफ्तार सीरियल रेपिस्ट रविंद्र सिंह का उत्तर प्रदेश के कासगंज से रिश्ता सामने आया तो सनसनी फैल गई। दिल्ली पुलिस का संदेशा मिलने के बाद हरकत में आई कासगंज पुलिस रविंद्र के घर का ठिकाना खोजती हुई बरी थोक मुहल्ले में पहुंची। वहां पता चला कि ढाई दशक पहले रविंद्र का परिवार दिल्ली चला गया था। पुलिस ने उसकी सारी जानकारियां जुटाने के बाद रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को भेज दी।
कासगंज जिले के कस्बा गंजडुंडवारा के मूल निवासी 24 वर्षीय रविंद्र पुत्र ब्रहमानंद को दुष्कर्म और बच्चियों की हत्या करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने पश्चिम उत्तर प्रदेश, दिल्ली और एनसीआर में 15 से अधिक वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। दिल्ली पुलिस ने उसके परिवार का विवरण जुटाने के लिए कासगंज पुलिस से संपर्क किया था। रविवार सुबह गंजडुंडवारा पुलिस ने मुहल्ला बरी थोक पहुंची।
यहां पर रविंद्र का मकान मिला, लेकिन खंडहर हाल में। परिवार के बारे में पूछताछ करने पर जानकारी हुई कि उसके चाचा महेशचंद्र रहते हैं। उन्होंने रविंद्र और उसके परिवार से किसी भी तरह का संबंध होने से इन्कार कर दिया। एसओ गंजडुंडवारा नीरज मलिक ने बताया कि 25 साल पहले वर्ष 1990 में कस्बे में दंगा हुआ था। इसके बाद रविंद्र का परिवार कस्बा छोड़कर दिल्ली चला गया। उसके बाद कोई वापस नहीं लौटा।