पशुओं की खरीद फरोख्त कानून पर केंद्र सरकार पर भड़कीं ममता
ममता बनर्जी ने कहा कि केन्द्र सरकार का यह निर्णय पूरी तरह असंवैधानिक है। हम इसे मानने के लिए बाध्य नहीं हैं।
कोलकाता, जेएनएन। देश में कत्ल के लिए पशु बाजारों में मवेशियों की खरीद-फरोख्त पर प्रतंबिध के फैसले के बाद केंद्र सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई है। देश के कई हिस्सों में केंद्र के इस फैसले को लेकर विरोध हो रहा है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी सरकार के फैसले का विरोध करते हुए इसे असंवैधानिक करार दिया है। ममता बनर्जी ने कहा कि “लोग क्या खाएं, क्या नहीं? ये बताना सरकार का काम नहीं है।”
ममता बनर्जी ने कहा केन्द्र सरकार का यह निर्णय पूरी तरह असंवैधानिक है। हम इसे मानने के लिए बाध्य नहीं हैं। पशुओं की खरीद-फरोख्त राज्यों का मामला है, इसमें केन्द्र सरकार का दखल देना गलत है। उन्होंने ये भी कहा कि पेड़-पौधों में भी जीवन होता है तो क्या उन्हें भी खाना बंद कर देना चाहिए? ममता ने सरकार के इस आदेश के समय पर सवाल उठाते हुए कहा कि रमजान के महीने में ही यह फैसला क्यों लिया गया। उन्होंने इस पर कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: केरल में युवा कांग्रेस के बछड़ा काटने को लेकर विवाद, कांग्रेस ने पल्ला झाड़ा