संजय दत्त को बार-बार मिल रही छुट्टी की जांच के आदेश
महाराष्ट्र के गृह विभाग ने फिल्म अभिनेता संजय दत्त को जेल से बार-बार मिल रही छुट्टी की जांच के आदेश दिए हैं। संजय दत्त को मंगलवार को ही 14 दिन के लिए फरलो यानी सजा से छुट्टी मिली थी। 1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट से जुडे़ एक मामले में
मुंबई। महाराष्ट्र के गृह विभाग ने फिल्म अभिनेता संजय दत्त को जेल से बार-बार मिल रही छुट्टी की जांच के आदेश दिए हैं। संजय दत्त को मंगलवार को ही 14 दिन के लिए फरलो यानी सजा से छुट्टी मिली थी।
1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट से जुडे़ एक मामले में संजय दत्त मुंबई की येरवडा जेल में बंद हैं। गैरकानूनी ढंग से हथियार रखने के आरोप में उन्हें 5 साल की सजा हुई थी। संजय दत्त पिछले डेढ़ साल से जेल में बंद हैं।
कब कब मिली छुट्टी
-पिछले साल अक्टूबर में और फिर दिसंबर में। बुधवार को फिर उन्हें 14 दिन की छुट्टी मिल गई है। वे मई 2013 से मई 2014 के बीच पैरोल या फरलो पर कुल 118 दिन जेल से बाहर रह चुके हैं। इसके पहले उन्होंने पत्नी मान्यता की बीमारी का हवाला देकर रियायत मांगी थी, जिसपर काफी विवाद हुआ था।
फरलो क्या नियम मुताबिक है?
महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री राम शिंदे ने संजय दत्त को बार-बार मिलने वाली इस राहत की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संजय को मिला फरलो क्या नियम के मुताबिक दिया गया था? क्या दूसरे कैदियों को पीछे रखकर संजय दत्त को फरलो देने में प्राथमिकता दी गई थी? बार-बार संजय दत्त को फरलो क्यों मिल रहा है? इन सब विषयों की जांच की जाए और पता लगाया जाए कि संजय दत्त को फरलो देने के वक्त नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया गया।