महाराष्ट्र में भ्रूण हत्या का आरोपी डॉक्टर कर्नाटक से गिरफ्तार
महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सांगली भ्रूण हत्या रैकेट मामले की जांच में पाए गए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुंबई, (प्रेट्र)। पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में कन्या भ्रूण हत्या करने वाले डॉक्टर बाबासाहेब खिद्रपुरे को पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी डॉक्टर की क्लीनिक भारती अस्पताल से थोड़ी ही दूरी पर सड़क किनारे 19 भ्रूण मिला था। भ्रूण मिलने के बाद डॉक्टर फरार हो गया था। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मिराज पुलिस ने सोमवार रात डॉक्टर को कर्नाटक के बेलगाम से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को महाराष्ट्र विधानसभा में भी यह मुद्दा उठा। विपक्ष ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दीपक सावंत और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे से इस्तीफे की मांग की।
होम्योपैथिक डॉक्टर बाबासाहेब खिद्रपुरे का अस्पताल सांगली के म्हैसाल गांव में कर्नाटक सीमा से सात किलोमीटर की दूरी पर है। गिरफ्तारी से एक दिन पहले भ्रूण बरामद होने के बाद से फरार डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच टीमें गठित की थी। सांगली के एसपी दत्तात्रेय शिंदे ने बताया, 'हमने 19 भ्रूणों का डीएनए नमूना प्रयोगशाला को सौंपा है। इससे लिंग निर्धारण किया जा सकेगा।' पुलिस के अनुसार, एक मार्च को 26 वर्षीया स्वाती प्रवीन जामडाडे की मौत के बाद यह लोमहर्षक मामला सामने आया।
महिला का 27 फरवरी को गर्भपात कराया गया था। महिला के परिजनों ने उसके पति प्रवीन के खिलाफ मामला दायर किया। दो बेटियों को जन्म देने के बाद तीसरी बार गर्भवती महिला को गर्भपात के लिए मजबूर किया गया था। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों को म्हैसाल गांव में मिराज-बेलगाम रोड पर 19 भ्रूण फेंके हुए मिले। पुलिस ने कहा है कि चालीस बैगों में कंकाल और अन्य अवशेष भी बरामद हुए हैं। सभी को जांच के लिए भेजा गया है।
इस अस्पताल में दो गोपनीय बेसमेंट कमरे मिले जहां गर्भपात कराया जाता था। कमरे गर्भपात की दवाएं मिली हैं। यह अस्पताल नर्सिग होम अधिनियम के तहत पंजीकृत नहीं है। होम्योपैथ में गर्भपात की इजाजत नहीं है। यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के सांगली में नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या