सपा के रंग में रंगा लखनऊ, अधिवेशन के लिए जोर-शोर से हो रही तैयारी
समाजवादी पार्टी ने आठ अक्टूबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी शुरू कर दी है। अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। अधिवेशन के दौरान लखनऊ को सपा के रंग में रंगने और कार्यकर्ताओं को सुविधाएं उपलब्ध कर
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आठ अक्टूबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी शुरू कर दी है। अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। अधिवेशन के दौरान लखनऊ को सपा के रंग में रंगने और कार्यकर्ताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने का फैसला किया गया है।
रविवार को राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी की पहली बैठक पांच कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री और सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में हुई, जिसमें स्वागत समिति, आवास समिति, आवागमन समिति, भोजन और सजावट समिति बनाई गई। बैठक में सरकार के वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव और राजेन्द्र चौधरी के अलावा लखनऊ के सभी सपा विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष व महासचिव व जिला पंचायत अध्यक्ष समेत 36 पदाधिकारियों ने भाग लिया।
लखनऊ को खूबसूरत ढंग से सपा के झंडे व बैनर से सजाने की जिम्मेदारी सजावट समिति को दी गई। पार्टी के विधायकों की अगुआई में गठित की गईं समितियों में सात से आठ सदस्य शामिल किए गए हैं। जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष समेत संगठन को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रेलवे, बस और हवाई अड्डे पर स्वागत और मेडिकल कैंप भी लगाए जाएंगे। अखिलेश ने इस बैठक में अधिवेशन को यादगार बनाने का आह्वान किया और कहा कि जनता सभी दलों को पहचान गई है और अब सारी उम्मीद सपा से ही टिकी है।
उन्होंने आठ, नौ और दस अक्टूबर को जनेश्वर मिश्र पार्क में होने वाले इस अधिवेशन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया।
उपलब्धियों का आकलन करेगी सपा
उपचुनाव में भारी सफलता से उत्साहित सपा सोमवार को अपनी उपलब्धियों का आकलन करेगी। जो सीटें उसके हाथ से निकल गई उसके कारणों की तलाश होगी। सपा सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की पीठ भी थपथपाएगी। सोमवार को सपा मुख्यालय पर समीक्षा बैठक में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख लोग भाग लेंगे। बैठक में अगले चुनाव की रणनीति भी तैयार होगी।
देवरिया में बनेगा मोहन सिंह न्यास
सपा के पूर्व महासचिव और सांसद मोहन सिंह की सोमवार को पहली पुण्य तिथि पर उनके गृह जिला देवरिया में मोहन सिंह न्यास की स्थापना होगी। इस आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, प्रदेश सरकार के लोकनिर्माण और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव भाग लेंगे। मोहन सिंह के छात्र जीवन से जुड़े प्रमुख लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।