घूंघट से हार गया FB का प्यार, ससुराल की प्रथाएं देख घर लौटी लड़की
ससुराल में जब उसे घूंघट निकालना पड़ा तो वह छटपटाने लगी। उसने फेसबुक पर अपनी जिंदगी बचाने की अपील लिखी और मां-बाप को फोन पर सब कुछ बताया।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। फेसबुक पर सब्जबाग देख लड़की ने शादी तो कर ली, लेकिन ससुराल की हकीकत के आगे फेसबुकिया प्यार ज्यादा दिन टिक नहीं पाया। ससुराल में घूंघट निकालने की प्रथा देख लड़की के होश उड़ गए। अब शादी से तौबा कर वह अपने माता-पिता के साथ ही रहना चाहती है।
मामला मुंबई का है। यहां रहने वाली राजस्थान के पाली सिरोही मूल के राजपुरोहित समाज की लड़की समता पुरोहित (18) की करीब ढाई साल पहले फेसबुक पर प्रकाश राजपुरोहित (25) से दोस्ती हुई। लंबे समय तक दोनों चैटिंग करते रहे और साथ जीने-मरने की कसमें खाते रहे। करीब तीन माह पहले लड़की के बालिग होते ही उसके माता-पिता ने उसकी सगाई कहीं और कर दी।
ऐसा होते ही लड़की ने लड़के के साथ भागकर अहमदाबाद में ब्याह रचा लिया। कुछ दिन सब ठीक चला लेकिन एक-एक कर लड़की के सपने टूटने लगे। ससुराल में जब उसे घूंघट निकालना पड़ा तो वह छटपटाने लगी। उसने फेसबुक पर उसकी जिंदगी बचाने की अपील लिखी और मौका पाकर एक दिन मां-बाप को फोन पर सब कुछ बताया। माता-पिता ने अहमदाबाद पहुंचकर चांदखेड़ा पुलिस को सूचित किया और पुलिस की मदद से लड़की को अपने साथ ले आए।
लड़के के चंगुल से निकलने के बाद लड़की ने मुंबई में अपने सहकर्मियों को बताया कि लड़के ने उसे गांव में करोड़ों की जमीन, संपत्ति और कारें होने की बात करके फंसा लिया लेकिन वह अहमदाबाद में अपने माता-पिता के साथ रहता था। लड़की को घर में हर वक्त घूंघट में रहना पड़ता था। उसे लड़के का चाल-चलन भी ठीक नहीं लगा।