Lok Sabha Elections 2024: हिमंता बिस्व सरमा 11 से 20 जून तक करेंगे 14 जनसभाएं, कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
पत्रकारों से गुरुवार को बातचीत करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा 11 से 20 जून तक हम मोदी सरकार के 9 साल और आगामी लोकसभा चुनावों के लिए राज्य के लोकसभा क्षेत्रों में 14 जनसभाएं करेंगे।
नई दिल्ली, एएनआई। केंद्र में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के साथ ही भाजपा ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगतार देशव्यापी कार्यक्रम किए जा रहे हैं। चुनाव के मद्देनजर कई राज्यों में रैलियां निकाली जा रही हैं। इसी कड़ी में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने भी जनसभाएं करने की जिम्मेदारी संभाल ली है।
क्या कहा मुख्यमंत्री सरमा ने?
पत्रकारों से गुरुवार को बातचीत करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा, ''11 से 20 जून तक, हम मोदी सरकार के 9 साल और आगामी लोकसभा चुनावों के लिए राज्य के लोकसभा क्षेत्रों में 14 जनसभाएं करेंगे। कुछ सभाओं में मैं मौजूद रहूंगा, वहीं, कुछ बैठकों में राज्य भाजपा अध्यक्ष भाबेश कलिता और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और रामेश्वर तेली मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री सरमा ने आगे कहा कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में, हम जन संपर्क अभियान के तहत कम से कम 1400 परिवारों से मिलेंगे।''
भाजपा की तैयारी
सत्तारूढ़ भाजपा ने अभी से ही लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के लिए अपनी कमर कस ली है। मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों के साथ जनता के पास पहुंचाने और इसके जरिए 2024 के लिए मजबूत माहौल बनाने की कोशिशों में भाजपा जुटी हुई है।