साढ़े छह घंटे बाद काबू में आया तेंदुआ, गुरुग्राम की कॉलोनी में रही दहशत
जंगल के जानवरों का शहरों में घुस आना अब आम बात हो गई है। बृहस्पतिवार दोपहर तेंदुए के घुसते ही कॉलोनी में अफरातफरी मच गई।
गुरुग्राम (जेएनएन)। जंगल के जानवरों का शहरों में घुस आना अब आम बात हो गई है। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के रिहायशी इलाके में एक बार फिर तेंदुआ घुस गया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, दोपहर ढाई बजे वन्य जीव शाखा की टीम ने काफी मशक्कत के बाद तेंदुए पर काबू पा लिया। साढ़े छह घंटे तक सोहना की दुर्गा कॉलोनी में दहशत रही। यह नर तेंदुआ लगभग चार साल का है। उसे हल्की खरोंच भी लगी है। इसके बाद भी चिकित्सीय जांच की जाएगी। जांच में सौ फीसद बेहतर दिखने के बाद उसे छोड़ दिया जाएगा। पूरा मामला गुरुग्राम के सोहना का है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर सोहना की दुर्गा कॉलोनी में आदमखोर तेंदुआ घुस गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर तेंदुए के घुसते ही कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। इस दौरान तेंदुए ने एक बच्चे को भी घायल कर दिया।
शुरुआत में लोगों ने तेंदुए को कॉलोनी से भगाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। डर-सहमे कॉलोनी के लोगों ने आखिरकार वन विभाग को बुलाने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ेंः आदमखोर तेंदुए का खेल खत्म, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला