वाड्रा के राजनीतिक शिकार बनाए जाने के बयान पर बोले नायडू, कानून अपना काम करेगा
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा के राजनीतिक शिकार बनाए जाने के बयान पर केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि सरकार कोई बदले की कार्रवाई नहीं कर रही है। लेकिन कानून को अपने हिसाब से काम तो करना ही होगा।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा के राजनीतिक शिकार बनाए जाने के बयान पर केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि सरकार कोई बदले की कार्रवाई नहीं कर रही है। लेकिन कानून को अपने हिसाब से काम तो करना ही होगा।
नायडू ने सोमवार को कहा, 'कानून को अपना काम करने देना चाहिए। मैं किसी के बारे में कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहता। जब से हम सत्ता में आए हैं, हमने किसी राजनीतिक विरोधी को परेशान नहीं किया है। हम किसी में कोई भेदभाव नहीं करते हैं। मैं राबर्ट वाड्रा के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। कानून अपना काम करेगा।'
भाजपा शासित हरियाणा और राजस्थान में राबर्ट वाड्रा के खिलाफ जमीन सौदे में धांधली के मामले चल रहे हैं। इसी सिलसिले में राबर्ट वाड्रा ने गत रविवार को कहा था कि उन्हें राजनीति का शिकार बनाया जा रहा है। उनका आरोप था कि उनका राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल हो रहा है। विवादास्पद उद्योगपति राबर्ट वाड्रा ने कहा था कि उनके और किसी अन्य कारोबारी के बीच फर्क किया जाना चाहिए। उनकी पत्नी प्रियंका वाड्रा के परिवार से इसे जोड़कर राजनीतिक रूप नहीं देना चाहिए।