केदारनाथ मार्ग पर भूस्खलन, रोके गए यात्री
केदारनाथ पैदल मार्ग पर सोनप्रयाग व गौरीकुंड के मध्य मुनकटिया में भूस्खलन हुआ है। इसे देखते हुए गुरुवार को यात्रियों को ऐहतियातन सोनप्रयाग में रोका गया है। वहीं बदरीनाथ राजमार्ग करीब आठ घंटे तक बाधित रहा।
जागरण संवाददाता, देहरादून । उत्तराखंड में गुरुवार को देहरादून समेत कुछ स्थानों पर हल्की बौछारों को छोड़ मौसम के तेवर लगभग शांत रहे। हालांकि बादलों के बरसने के आसार बने हुए हैं।
इस बीच चारधाम यात्रा मार्गाें पर मौसम का खलल जारी है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर सोनप्रयाग व गौरीकुंड के मध्य मुनकटिया में भूस्खलन हुआ है। इसे देखते हुए गुरुवार को यात्रियों को ऐहतियातन सोनप्रयाग में रोका गया है। वहीं बदरीनाथ राजमार्ग करीब आठ घंटे तक बाधित रहा। दूसरी ओर चमोली जिले के पपरियाणा गांव में बरसाती नाले से हो रहे भू-कटाव के चलते 10 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए। इन परिवारों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। एक दर्जन से अधिक घरों में मलबा भी जा घुसा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में राज्य में अनेक स्थानों पर वर्षा हो सकती है।