लालू ने कहा : PM मोदी दें बिहार पर ध्यान, बाढ़ की हालत 1975 से भी खराब
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार में बाढ़ की हालत 1975 से भी खराब है। जान-माल की भारी क्षति हुई है। पीएम मोदी को बिहार पर ध्यान देना चाहिए।
पटना [वेब डेस्क]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने मंगलवार को पटना में कहा कि वाणसागर से पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है। हालात 1974 से भी खराब हैं। उन्होंने राज्य सरकार से राहत शिविरों में पौष्टिक व शुध्द भोजन तथा पशु चारा का प्रबंध कराने को कहा। कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार की बाढ़ पर ध्यान देना चहिए।
राजद सुप्रीमो ने कहा कि बक्सर, आरा, छपरा, वैशाली, पटना, बेगुसराय, खगडि़या, समस्तीपुर, मुंगेर व भागलपुर में गंगा तटवर्ती इलाकों मे पानी भर गया है। बाढ़ कि स्थिति 1975 से भी खराब है। जान-माल और फसलों की बर्बादी ज्यादा हुई है।
लालू ने कहा, ''अभी भी बहुत सारे लोग दियारा स्थित घरों को छोड़कर नहीँ निकल रहे हैं। मैंने पीड़तों से अनुरोध किया है की वे बाढ़ राहत शिविरों मे आ जाएं। शिविरों मे सभी तरह की सहायता सुलभ है।''
लालू ने कहा कि राहत शिविरों में सरकार और सरकारी कर्मचारी पूरी निष्ठा से सेवा मे लगे हुए हैं। प्रभावित लोगों को बाढ़ से निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है।
लालू ने बताया कि उन्होंने राज्य सरकार से कहा है कि राहत शिविरों मे पौष्टिक एवं शुध्द भोजन तथा पशु चारा के प्रबंध कराए। बाढ़ के कारण पक्के और कच्चे मकान को काफी क्षति हुई है। खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। नुकसान का मूल्यांकन करा रिलीफ कोड के अनुसार किसानों व प्रभावित लोगाें को राहत राशि उनके खाते मे सीधे दिये जाने की भी बात कही है।
लालू ने कहा कि सरकार पानी मे घिरे लोगों को निकाल कर सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रही है। प्राइवेट रूप से भी बड़ी नावों की व्यवस्था कर लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। उन्होंने राहत वितरण में जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की है। कहा है कि गा्ंव के सभी लोग रंजिश भूलकर आपदा की घड़ी में मानवता की सेवा करें।
लालू ने कहा कि विपदा की घड़ी मे धैर्य बनाए रखें। सावधानी बरतें। तेज हवाएं बह रही हैं, इसका ध्यान रखते हुये छोटी नाव से नदी नहीँ पार करें।