लालू का ट्वीट- BJP को पटक कर लगाना धूल, बिहारियों को जंगली बोलता है...
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने स्वाभिमान रैली से एक दिन पहले प्रेसवार्ता कर कार्यकर्ताओं को समय से गांधी मैदान पहुंचने की अपील की। लालू ने कहा कि सभी कार्यकर्ता इस बार गांधी मैदान को पाट दें।
पटना। स्वाभिमान रैली की प्रेसवार्ता के बाद लालू प्रसाद ने ट्वीट कर भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। लालू ने अपने अंदाज में ट्वीट किया, रैली में भाजपा वालों को पटक कर पीठ में धूल लगा देना। भाजपा और आरएसएस बिहारियों को जंगली बताता है। बिहारियों के DNA में खराबी बोलता है।
राजद सुप्रीमो ने यही संदेश अपने फेसबुक पेज पर भी दिया है। फेसबुक पर एक व्यक्ति ने चुटकी ली है कि लालू दंगल लड़ने जा रहे हैं क्या? उनका फेसबुक पेज इस संदेश्ा के पक्ष व विपक्ष में प्रतिक्रियाओं से भरा पड़ा है।
इससे पहले प्रेस वार्ता कर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार चुनाव नाक की लड़ाई है। रविवार को होने वाली महागठबंधन की स्वाभिमान रैली हमारे लिए अहम है। इसकी सफलता के आरजेडी, जेडीयू, कांग्रेस, सपा और महागठबंधन की अन्य पार्टियां जी तोड़ मेहनत कर रही हैं।
लालू ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि इस बार की रैली में लड़कियों का डांस नहीं होगा। सभी कार्यकर्ताओं को उन्होंने समय से गांधी मैदान में पहुंचने की अपील की। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं से कहा कि रैली के दौरान वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह कानून हाथ में लेने की कोशिश न करें।
बता दें कि इससे पहले कि रैलियों में लड़कियों का डांस खास होता था। नेताओं के भाषण के बीच में डांस के कार्यक्रम से भीड़ में उत्साह भरने का कार्य किया जाता था।
लालू ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) को बिहार विधानसभा चुनाव में पांच सीटें दी गई है। महागठबंधन में शामिल सपा अब पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लालू ने नेताओं से कहा कि टिकट के लिए किसी भी तरह की बयानबाजी और मारामारी से बाज आए।
टिकट को लेकर चल रही खींचतान में पिछले दिनों कुछ नेताओं ने पार्टी के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके जवाब में लालू प्रसाद ने उक्त बातें कहीं। उन्होंने मीडिया को भी आश्वस्त किया कि उन्हें कवरेज का पूरा मौका दिया जाएगा।