कलम खरीदने पति की बाइक से उतरी, ब्वायफ्रेंड के साथ फरार
सदर थाने में एक पति ने अपनी आंखों के सामने पत्नी के भाग जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पत्नी अपने ब्वायफ्रेंड के साथ उस वक्त भाग गई।
रांची। सदर थाने में एक पति ने अपनी आंखों के सामने पत्नी के भाग जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पत्नी अपने ब्वायफ्रेंड के साथ उस वक्त भाग गई जब वह उसे परीक्षा दिलाने संत पॉल कॉलेज ले जा रहा था। कलम खरीदने के बहाने वह पति की मोटरसाइकिल से उतर गई और ब्वायफ्रेंड की स्कूटी से भाग गई।
जब तक पति पीछा करता, तब दोनों भाग चुके थे। घटना शुक्रवार की है और प्राथमिकी रविवार को दर्ज कराई गई है। पति 24 वर्षीय पूरन सिंह है, वह रांची के ओरमांझी के छुट्रप का निवासी है। उसने पत्नी को भगाने का आरोप सुमनदीप सिंह उर्फ लडडू व उसके भाई शेरा सिंह व संदीप सिंह पर लगाया है। तीनों ओरमांझी के ही रूक्का निवासी हरदीप सिंह के बेटे हैं।
आवेदन में पूरन ने बताया है कि उसकी शादी इसी 24 अप्रैल को रूक्का में हुई थी। उसकी पत्नी बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा दे रही थी। शुक्रवार को परीक्षा केंद्र ले जाने के दौरान यह घटना हुई। उसके मायके के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि उसकी पत्नी का उसके ही गांव के एक लड़के से प्रेम-प्रसंग था। पूरी जानकारी मिलने के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सदर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।