विशेष भत्ते की हकदार रही हैं लड्डूकांत की मूछें
बिहार के रहिका प्रखंड क्षेत्र के सतलखा गांव के 60 वर्षीय लड्डूकांत झा डेढ़ मीटर (पांच फीट) लंबी मूंछ के स्वामी हैं। कुछ माह पहले ही पटना नगर निगम से सिक्योरिटी गार्ड के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। बकौल लड्डूकांत लंबी मूंछ की वजह से पगार में प्रतिमाह 100 रुपये
मधुबनी [विनय पंकज]। बिहार के रहिका प्रखंड क्षेत्र के सतलखा गांव के 60 वर्षीय लड्डूकांत झा डेढ़ मीटर (पांच फीट) लंबी मूंछ के स्वामी हैं। कुछ माह पहले ही पटना नगर निगम से सिक्योरिटी गार्ड के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। बकौल लड्डूकांत लंबी मूंछ की वजह से पगार में प्रतिमाह 100 रुपये का विशेष भत्ता भी मिलता था, लेकिन यह सिलसिला दो दशक तक ही रहा।
सेवाकाल के दौरान लड्डूकांत प्रतिनियुक्ति पर कई मंत्रियों की सुरक्षा में भी रहे, लेकिन कहीं से भी उल्लेखनीय पुरस्कार या प्रशस्ति पत्र नहीं मिल सका। महज एक बार दिल्ली की एक संस्था ने 10 हजार रुपये से पुरस्कृत किया था। वह अफसोस जताते हैं कि उम्र के इस ढलान पर अब वे अपनी मूंछ को दुनिया की सबसे लंबी मूंछ नहीं बना पाएंगे।
अंग्रेज से मिली प्रेरणा :
वह बताते हैं कि किशोरावस्था में जब पहुंचे तो अंग्रेज हीराकांत झा की कड़क मूंछ की बदौलत बने उनके रोबीले व्यक्तित्व ने मन-मस्तिष्क पर गहरा असर डाला। इसी प्रेरणा से मूंछ बढ़ाने का जुनून सवार हो गया। हालांकि अलग-अलग कारणों से उन्हें पांच दफे मूंछ पर उस्तरा चलवाना पड़ा। पिता, दो चाची, एक चाचा और अंतिम बार मां के श्रद्धकर्म में दो दशक पहले मूंछ कटानी पड़ी थी। कहते हैं, बुङो मन से परंपरा का निर्वहन किया, अन्यथा मूंछ की लंबाई में और इजाफा होता।
खास देखभाल :
मूंछ को पूरे दिन कड़क रखने के लिए ये विशेष क्रीम ‘हिलमेट’ का प्रयोग करते हैं। वहीं बरसात के समय शुद्ध सरसों का तेल मूंछ को अच्छी तरह पिलाते हैं।
दुनिया में सबसे लंबी मूंछ का रिकार्ड भारत के नाम :
काबिलेगौर है कि दुनिया में सबसे लंबी मूंछ का रिकार्ड भारत के ही नाम है। गिनीज वल्र्ड रिकार्डस 2012 के मुताबिक राजस्थान के राम सिंह चौहान की 4.29 मीटर (14 फीट) की मूंछ दुनिया में सबसे लंबी करार दी गई है। 4 मार्च 2010 को एक इतालवी टीवी शो ‘लो शो डेइ रिकार्ड’ में उनकी मूंछ की यह लंबाई प्रदर्शित हुई थी। 60 वर्षीय राम सिंह चौहान ने 1970 से अपनी मूंछ नहीं कटाई है।