आइवीएफ से गर्भवती हुई लैब्राडोर डॉगी
भारत में पहली बार इस तकनीक के जरिये किसी डॉगी को किया गया गर्भवती..
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भारत में पहली बार इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आइवीएफ) तकनीक के जरिये किसी डॉगी को गर्भवती किया गया है। वेटनरी डॉक्टर रोहित राज ने डॉगी के एग और कुत्ते के स्पर्म को मिलाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने सफलतापूर्वक इससे भू्रण तैयार कर लैब्राडोर डॉगी ऐंजल के गर्भ में इसे स्थापित कर दिया है।
आपको बता दें कि ऐंजल डॉगी बांग्ला अभिनेत्री व मॉडल अर्पिता चौधरी की पालतू डॉगी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अर्पिता और उनके पति तन्मय अपने पालतू जानवरों का बहुत ख्याल रखते हैं। ऐंजल को आंखों का इंफेक्शन होने पर वह आंशिक रूप से अंधी हो गई, जिसके बाद अर्पिता को लगा कि उसे अपनी पालतू डॉगी को गर्भवती करने के लिए कुछ करना चाहिए। लेकिन इसमें यह समस्या थी कि ऐंजल सामान्य गर्भवती होने वाली डॉगी से उम्र में अधिक थी। फिर अर्पिता और तन्मय ने वेटनरी डॉक्टर रोहित राज से संपर्क किया।
इसके बाद डॉक्टर राज ने लैब्राडोर कुत्ते से स्पर्म लेकर उसे सही तापमान पर सुरक्षित कर लिया और उसे ऐंजल के यूट्रस में डाल दिया। डॉक्टर राज ने बताया कि कुछ हफ्ते बाद उन्हें अहसास हुआ कि वह इसमें सफल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि लैब्राडोर के मामले में इस काम में 60 दिन लगते हैं और अब ऐंजल को पूरी देखरेख में रखना होगा। उनके मुताबिक अगर नॉर्मल डिलिवरी में कोई समस्या आएगी तो सर्जरी के जरिये ऐंजल की डिलिवरी कराई जाएगी।
हरियाणा मे भेड़ की क्रॉस ब्रीड ने दिया तीन मेमनों को जन्म
देश में भेड़ों की प्रजनन क्षमता को बढ़ाने को लेकर केंद्रीय भेड़ प्रजन्न अनुसंधान ने बड़ी सफलता हासिल की है। पहली बार भारत की सोनाडी और अमेरिका की कोरिटेल नस्ल की क्रॉस ब्रीड की दो भेड़ों ने दो जुड़वा मेमनों को जन्म दिया है, जबकि एक भेड़ ने तीन मेमनों को पैदा किया है। सभी बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ है और वैज्ञानिकों की विशेष टीम देखरेख कर रही है।
केंद्रीय भेड़ अनुसंधान के निदेशक डॉ. एलडी रंगा ने बताया कि देश में यह पहली क्रॉस ब्रीड है, जिसने तीन मेमनों को जन्म दिया है। इनका वजन 3.8, 2.5 और दो किलोग्राम है। अभी तक क्रास ब्रीड का कोई नाम नहीं रखा गया है। जल्द ही इसका पेटेंट भी करवाया जाएगा।