भगत सिंह पर किताब प्रतिबंधित करने को नहीं कहाः कुरियन
राज्यसभा के उपसभापति पीजे कुरियन ने कहा कि उन्होंने सरकार से भगत सिंह को आतंकवादी बताने वाली किताब को प्रतिबंधित करने को नहीं कहा था।
नई दिल्ली, आइएएनएस । राज्यसभा के उपसभापति पीजे कुरियन ने कहा कि उन्होंने सरकार से भगत सिंह को आतंकवादी बताने वाली किताब को प्रतिबंधित करने को नहीं कहा था। सिर्फ उस उल्लेख को हटाने के लिए कहा था। राज्यसभा में बुधवार को इस मुद्दे पर चर्चा चली। सपा के सदस्य नरेश अग्रवाल ने किताब के लेखकों पर मामला चलाने की मांग की सत्ताधारी खेमे ने भी उनका समर्थन किया।
अब आतंकवादी नहीं, समाजवादी क्रांतिकारी कहे जाएंगे भगत सिंह
शून्यकाल के दौरान जनता दल-युनाइटेड (जदयू) के सदस्य केसी त्यागी ने प्वाइंट ऑफ आर्डर उठाया। उन्होंने कहा सरकार ने इतिहास की किताब 'भारत का स्वतंत्रता संघर्ष' पर प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने बताया कि सिर्फ किताब से भगत सिंह को आतंकवादी बताने वाला उल्लेख हटाने को कहा गया था।
इतिहासकार विपिन चंद्र लिखित भारत का स्वतंत्रता संघर्ष किताब में भगत सिंह के विवादास्पद उल्लेख किया गया है। यह किताब दिल्ली विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में शामिल है। उपसभापति कुरियन ने कहा, 'किताब पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता है। केवल किताब से उस उल्लेख को हटाया जाना चाहिए।' उन्होंने यह भी कहा कि यह उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के संबंध में लागू है जो देश के लिए शहीद हो गए।
सरकार की ओर से जवाब देते हुए संसदीय कार्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि केवल दो ही विकल्प हैं। या तो उन पृष्ठों को किताब से निकाल दिया जाए या फिर उसपर प्रतिबंध लगा दिया जाए। उन्होंने कहा, 'सरकार वैसे लोगों को संरक्षण नहीं देगी जिन्होंने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह को आतंकवादी बताया है।'