कुमार मंगलम बन सकते हैं आइआइएम-अहमदाबाद के चेयरमैन
आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम आइआइएम अहमदाबाद के चेयरमैन बन सकते हैं।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद (आइआइएम-ए) के चेयरमैन बन सकते हैं। केंद्रीय मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्रालय जल्द ही उनके नाम की घोषणा कर सकता है।
आइआइएम-ए की सर्च कमेटी ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेजी संभावित चेयरमैन की सूची में कुमार मंगलम बिड़ला के नाम पर मुहर लगाई है। पूर्व में बनी सूची से एक नाम हटाकर मंत्रालय को यह नई सूची भेजी गई है। इसमें इंफोसिस के चेयरमैन आर. सेशासायी, एचडीएफसी चेयरमैन दीपक पारेख और कुमार मंगलम बिड़ला के नाम हैं। 41 बिलियन डॉलर के आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम पर सर्च कमेटी में सहमति बताई जा रही है। फार्मा कंपनी जायडस के चेयरमैन पंकज पटेल इस सर्च कमेटी के प्रमुख हैं।