रिजिजू को यूएन आपदा प्रबंधन चैंपियन सम्मान
संयुक्त राष्ट्र ने गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू के आपदा प्रबंधन कौशल का लोहा माना है।
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र ने गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू के आपदा प्रबंधन कौशल का लोहा माना है। इसके लिए यूएन ने उन्हें एशिया क्षेत्र के आपदा प्रबंधन चैंपियन सम्मान से नवाजा है। डिसास्टर रिस्क रिडक्शन (डीआरआर) पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून की विशेष प्रतिनिधि मार्गेट वालस्ट्रोम ने मंगलवार को रिजिजू को यह सम्मान प्रदान किया।
पढ़ेंःसभ्य समाज में विरोध करने का एक तरीका होता है:किरण रिजिजू
वालस्ट्रोम ने नई दिल्ली में डीआरआर पर आयोजित एशियाई देशों के सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में गृह राज्य मंत्री के कार्यों की जमकर सराहना की। इस मौके पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी रिजिजू के योगदान की तारीफ की। उनका कहना था कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में रिजिजू के लगातार प्रयास के चलते ही भारत की वैश्विक पहचान कायम हुई है। उन्हीं के कारण डीआरआर चैंपियन पुरस्कार मिला। यूएन सम्मान को स्वीकार करते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि इस सम्मान से हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। किसी भी आपदा से भारत और पूरे विश्व को बचाने का हमारा प्रयास जारी रहेगा।