कूड़ा चुनने वाले खोखन हामिद को पेरिस में मिलेगा सम्मान
पेरिस में चल रहे संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सम्मेलन में दिल्ली के खोखन हामिद (35) को सुरक्षित ई वेस्ट रिसाइकिल कार्य में अहम योगदान देन के लिए संयुक्त राष्ट्र क्लाइमेट चेंज आवर्ड-2015 से सम्मानित किया जाएगा। खोखन यह अवार्ड इस क्षेत्र में काम करने वाली दो अलग-अलग संस्थाओं की ओर से
नई दिल्ली। पेरिस में चल रहे संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सम्मेलन में दिल्ली के खोखन हामिद (35) को सुरक्षित ई वेस्ट रिसाइकिल कार्य में अहम योगदान देन के लिए संयुक्त राष्ट्र क्लाइमेट चेंज आवर्ड-2015 से सम्मानित किया जाएगा। खोखन यह अवार्ड इस क्षेत्र में काम करने वाली दो अलग-अलग संस्थाओं की ओर से लेंगे।
अवार्ड दिए जाने की निर्धारित तिथि का अभी खुलासा नहीं किया गया है। पेरिस में पर्यावरण सम्मेलन 11 दिसंबर तक चलेगा। इस अवार्ड के लिए निजामुद्दीन में रहने वाले खोखन का चयन सिक्सटीन गेम चेंजिंग इनिशिएटिव्स की ओर से पूरी दुनिया में किए गए सर्वे के आधार पर किया गया है।
सिर्फ सफाई ही नहीं बल्कि कूड़ा चुनने वालों को प्रशिक्षण देने के लिए भी खोखन का चयन किया गया है। खोखन कचरा चुनने के दौरान ई-कचरा को लेकर जागरूकता भी फैलाते हैं। खोखन रिसाइकिलिंग के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था चिंतन और घर-घर से कूड़ा इकट्ठा करने वाली संस्था सफाई सेना के 12 हजार सदस्यों में से एक है।
खोखन के परिवार में कुल छह सदस्य हैं, जिसका भरण पोषण वह यही काम करके करते हैं। उन्हें कुछ समय पहले चिंतन संस्था की ओर से ई कचरा के सुरक्षित उठाव, डंपिंग करने और सुरक्षित नष्ट करने का प्रशिक्षण दिया गया था।
इसके बाद इस प्रशिक्षण का उपयोग न सिर्फ उन्होंने अपने काम में सुधार के लिए किया बल्कि सफाई सेना में शामिल अपने जैसे लगभग 2 हजार कूड़ा चुनने व घर-घर जाकर कूड़ा इकट्ठा करने वालों को भी प्रशिक्षित किया है। उनका कहना है कि सुरक्षित ई कचरा की रिसाइकिलिंग में सहयोग कर वह आसपास के पर्यावरण को सुरक्षित रखने में सहयोग देने का प्रयास करते हैं।