केरल के मुख्यमंत्री ने भाजपा और आरएसएस पर लगाया कुन्नूर हिंसा का आरोप
केरल में चार महीने पहले एलडीएफ सरकार के सत्ता में आने के बाद माकपा और भाजपा के बीच कई राजनीतिक झड़पें हुईं हैं।
तिरुअनंतपुरम, प्रेट्र । केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कुन्नूर में हिंसा के लिए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भगवा दल और उससे जुड़े संगठन जानबूझकर कुन्नूर जिले में अशांति फैला रहे हैं।
हालांकि विजयन ने यह साफ कहा है कि सरकार कुन्नूर में सर्वदलीय शांति बैठक कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हिंसा रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। दुर्भाग्यवश संघ की प्रवृत्ति से कुन्नूर में ऐसे हालात बने और भाजपा व अन्य भगवा दलों ने जानबूझकर संकट खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संघ बम बनाने और इलाके में तनाव पैदा करने के लिए हथियार जमा कर रहा है। यहां तक के राज्य के बाहर से लोग भी लाए गए हैं। उन्होंने विपक्ष के इस आरोप का भी खंडन किया कि राज्य में सात राजनीतिक हत्याएं हुई हैं। विजयन ने कहा कि केवल पांच राजनीतिक हत्याएं हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि केरल में चार महीने पहले एलडीएफ सरकार के सत्ता में आने के बाद माकपा और भाजपा के बीच कई राजनीतिक झड़पें हुईं हैं। खासकर कुन्नूर के हालात देखते हुए भाजपा के एकमात्र सांसद ओ.राजगोपाल ने सरकार की भावनाओं का स्वागत किया है। साथ ही कहा कि भाजपा क्षेत्र में शांति चाहती है। राज्य में हुई झड़पों से केरल की छवि बाहर खराब हुई है।
पढ़ें- संघ की शिक्षा से मुमकिन हो पाई सर्जिकल स्ट्राइक: पर्रिकर