कर्नाटक: आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या, संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
कर्नाटक के मैसूर में संघ कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। कार्यकर्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है।
बेंगलुरू, (एएनआई)। कर्नाटक के मैसूर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) कार्यकर्ता की हत्या का एक मामला सामने आया है। आरएसएस कार्यकर्ता मागली राव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मैसूर के प्रिय पटना तालुक पर मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू कर दी है।
35 वर्षीय मागली के शव पर चोटों के कई निशान पाए गए हैं। बताया जा रहा है प्रिय पटना में एक बैठक के बाद मागली अपने गांव वापस आ रहा था। मागली के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल उसकी हत्या की वजह का पता नहीं चल सका है।
बीते महीने भी बेंगलुरू में संघ के 35 वर्षीय कार्यकर्ता रुद्रेश की बाइक सवार दो व्यक्तियों ने कामराज रोड पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी, जब वह संघ के एक कार्यक्रम में भाग लेने बाद अपने मित्रों के साथ थे।