कांग्रेस कमलनाथ को सौंप सकती है मप्र की कमान!
कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश की कमान अब पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ को सौंपने का मन बना रही है। राहुल गांधी के करीबी सूत्रों का मानना है कि मिशन 2018 की तैयारी के लिए पार्टी अभी से ही उन्हें प्रदेश में सक्रिय करना चाहती है।
नई दिल्ली [अरविंद पांडेय]। कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश की कमान अब पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ को सौंपने का मन बना रही है। राहुल गांधी के करीबी सूत्रों का मानना है कि मिशन 2018 की तैयारी के लिए पार्टी अभी से ही उन्हें प्रदेश में सक्रिय करना चाहती है।
राजनीतिक हालातों में कोई परिवर्तन नहीं आया तो इसकी घोषणा दशहरे के बाद हो सकती है। प्रदेश में गुटबाजी को लेकर हाई कमान तक पहुंची शिकायतों के बाद आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस में फेरबदल का निर्णय लिया है। सूत्रों के मुताबिक इस फैसले के पीछे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की भी रुचि है, जो प्रदेश में पार्टी में फिर से खड़ा करना चाहते हैं। यही वजह है कि वह अनुभव के साथ पार्टी के बड़े चेहरों में से एक कमलनाथ को आगे करने की तैयारी की है।
कार्यकर्ताओं से फीडबैक पार्टी ने प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। जिसके आधार पर कमलनाथ को मैदान में उतारने की तैयारी पर पार्टी विचार कर रही है। सिंधिया फिलहाल राष्ट्रीय राजनीति में रहेंगे सक्रिय सूत्रों की मानें तो पार्टी मप्र में कमलनाथ को आगे करने के साथ दूसरे बड़े दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय करेगी। वैसे भी लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान सिंधिया ने जिस तरीके से सक्रियता दिखाई थी, उसके बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे हैं, कि आगे वाले दिनों में सिंधिया को पार्टी के भीतर और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
हां..मैं मन बना रहा हूं: कमलनाथ
मप्र में सक्रिय होने का मैं मन बना रहा हूं। कार्यकर्ताओं की भी इच्छा है। निश्चित ही प्रदेश में पार्टी को और मजबूत करने की जरूरत है। जो होगा, जल्द होगा। - कमलनाथ, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व सांसद, छिंदवाड़ा