ज्ञान केंद्र के मुद्दे पर कलाम के भतीजे ने भाजपा छोड़ी
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के भतीजे ने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया है। पूर्व राष्ट्रपति के दिल्ली स्थित आवास को केंद्र सरकार द्वारा ज्ञान केंद्र नहीं बनाए जाने से नाराज एपीजे सैयद हजा इब्राहिम ने पार्टी छोड़ दी।
रामेश्वरम । पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के भतीजे ने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया है। पूर्व राष्ट्रपति के दिल्ली स्थित आवास को केंद्र सरकार द्वारा ज्ञान केंद्र नहीं बनाए जाने से नाराज एपीजे सैयद हजा इब्राहिम ने पार्टी छोड़ दी। उन्होंने तमिलनाडु भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष पद से भी त्यागपत्र दे दिया। हालांकि, सोमवार शाम को केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने इब्राहिम का एक बयान जारी किया, जिसमें भाजपा छोड़ने की बात को गलत बताया गया है।
इससे पहले इब्राहिम ने कहा कि ज्ञान केंद्र की स्थापना सिर्फ पूर्व राष्ट्रपति की नहीं, बल्कि पूरे देश की इच्छा थी। बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। इसलिए मैंने भाजपा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति पद से सेवानिवृत होने के बाद डॉ. कलाम नई दिल्ली के 10 राजाजी मार्ग स्थित बंगले में रहते थे। कलाम के परिजन इसमें ज्ञान केंद्र की स्थापना पर जोर दे रहे हैं। लेकिन मोदी सरकार ने यह बंगला केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा को आवंटित कर दिया।
इब्राहिम ने एक बयान जारी कर कहा कि सरकार ने ज्ञान केंद्र की स्थापना से इन्कार करके जनता की इच्छा का अनादर किया है। यह दुखद है। डॉ. कलाम के निधन के बाद उनके परिजनों और आम जनता ने उनके आवास को ज्ञान केंद्र में बदलने का अनुरोध किया था। लेकिन सरकार ने इसे ठुकरा दिया।