सबसे कम उम्र में ये खिलाड़ी बना दक्षिण अफ्रीका का 'क्रिकेटर ऑफ द इयर'
ये खिलाड़ी सबसे कम उम्र में बना दक्षिण अफ्रीका का क्रिकेटर ऑफ द ईयर।
जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के लिए इन दिनों शानदार प्रदर्शन करने वाले कागिसो रबादा दक्षिण अफ्रीका के बेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर बन गए हैं। इसके साथ ही रबादा सबसे कम उम्र में ये पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा उन्हें पांच पुरस्कार और मिले हैं।
रबादा से जब पूछा गया कि उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ पल कौन सा रहा, तो उन्होंने कहा, ‘‘हमने कई मैच खेले, लेकिन भारत में जीती सीरीज सर्वश्रेष्ठ रही।’’ रबादा को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर और वनडे क्रिकेटर भी चुना गया। वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टी-20 क्रिकेटर का पुरस्कार इमरान ताहिर ने जीता। रबादा को दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों द्वारा चुने गए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और प्रशंसकों द्वारा चुने गए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार भी मिला।
रबादा छह व्यक्तिगत पुरस्कार जीतने वाले दक्षिण अफ्रीका के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले हाशिम अमला और एबी डिविलियर्स पांच-पांच पुरस्कार जीत चुके हैं। उनका छठा पुरस्कार वर्ष की सर्वश्रेष्ठ गेंद का था जो उन्होंने जोहानिसबर्ग टी-20 मैच में इंग्लैंड के जैसन रॉय को फेंकी थी।
अब तक वह छह टेस्ट मैचों में 24.70 के औसत से 24 विकेट ले चुके हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 20 मैचों में 21.45 के औसत से 37 विकेट लिए हैं। स्टीफन कुक को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उदीयमान क्रिकेटर चुना गया जबकि नई कप्तान डेन वान निएकर्क को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया। दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी भारतीय क्रिकेटर अहमद पटेल को सीएसए हाल-ऑफ-फेम में शामिल किया गया।
पहले ही वनडे में ली थी हैट्रिक
अपने पहले ही वनडे में हैट्रिक लेने वाले रबादा दुनिया के दूसरे गेंदबाज हैं, उनसे पहले बांग्लादेश के ताइजुल इस्लाम यह कारनामा कर चुके है। दाएं हाथ के रबादा को दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी का भविष्य माना जा रहा है।