भारत विरोधी बोल पर JNSU अध्यक्ष को जेल,समर्थन में उतरा हुर्रियत
क्या अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर कुछ भी बोला जा सकता है। यकीनन इसका जवाब नहीं में होगा। जेएनयू के छात्र संघ अध्यक्ष से सवाल करते हुए अदालत ने पूछा था कि बोलने की आजादी का क्या मतलब है।
नई दिल्ली । भारत विरोधी बोल पर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को तीन दिन की पुुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस बीच हुर्रियत के नेताओं ने उन छात्रों को समर्थन दिया है जिन्होंने खुलेआम विश्वविद्यालय कैंपस में भारत के खिलाफ नारेबाजी की थी। हुर्रियत नेता मीर उमर वायज फारुक ने कहा कि पुलिस का ये कदम अलोकतांत्रक है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि कन्हैया कुमार के साथ पांच अन्य आरोपियों की आतंकी समुहों के साथ संबंधों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि फरार पांच छात्रों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
इस मामले में गृहमंत्री राजनाथ सिंह की नाराजगी के बाद दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को जेएनयू के छात्र संघ अध्यक्ष् कन्हैया कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। कन्हैया कुमार को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने छात्र संघ अध्यक्ष को तीन दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
हालांकि दिल्ली पुलिस ने अदालत से कन्हैया कुमार को पांच दिनों के लिए पुलिस हिरासत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने पुलिस की इस मांग को खारिज करते हुए पांच दिन के बजाए तीन दिनों के लिए हिरासत में भेज दिया।
उधर, संघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद जेएनयू कैंपस का माहौल गरमा गया है। छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। छात्रों ने कैंपस के अंदर एकत्र होकर इस पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। सुरक्षा के मद्देनजर जेएनयू कैंपस के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
उधर, जेएनयू छात्र अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के बाद जेएनयू शिक्षक संघ और छात्रों ने विरोध प्रदर्श किया। शिक्षक संघ का कहना है, “हम ऐसा विश्वास है कि इस वक्त अत्यधित पुलिसिया कार्रवाई अनावश्यक है और इससे पूरी तरह स्थिति और बिगड़ेगी।”
जेएनयू शिक्षक संघ का ये भी कहना है कि हम हमेशा देश के संविधान के साथ खड़े हैं और किसी भी तरह के असंवैधिक कृत्य वो चाहे कैंपस के अंदर हो या बाहर उसके पूरी तरह से खिलाफ है।
ABVP का इंडिया गेट पर प्रदर्शन
उधर, इस मामले को लेकर शुक्रवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इंडिया गेट पर जमकर प्रदर्शन किया। एबीवीपी के सैकड़ों कार्यकर्ता इंडिया गेट पर एकत्र होकर जेएनयू प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ऐहतियात के तौर पर यहां भारी सुरक्षा बल तैनाती किया गया है।