जदयू का समर्थन चाहिए तो नीतीश से संपर्क करें अखिलेश : त्यागी
जदयू के महासचिव केसी त्यागी ने कहा है कि अगर यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जदयू का समर्थन चाहिए तो उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से बात करनी चाहिए।
पटना [जेएनएन]। जदयू ने चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह तय हो गया है कि अखिलेश यादव ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव में अगर सपा को जदयू का साथ चाहिए तो उसके लिए अखिलेश यादव को पहल करनी होगी।
जदयू के प्रधान राष्ट्र्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि उन्हें हमारा समर्थन चाहिए तो हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें: केसी त्यागी ने कहा - दीदी बनी रहें ममता, दादा बनने की कोशिश ना करें
त्यागी ने कहा कि सपा की तरफ से पहले भी तालमेल की इच्छा जताई जा चुकी है। हम उत्तर प्रदेश में गैर-भाजपा सरकार चाहते हैं। बड़ी पार्टी होने के नाते सपा को ही पहल करनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश चुनाव भविष्य की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण है। यह एक प्रकार से 2019 के आम चुनाव का सेमीफाइनल है। हमने मेहनत कर उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन बनाई है।
यह भी पढ़ें: मोदी और नीतीश के रिश्तों में अरसे से जमी बर्फ अभी नहीं पिघली : केसी त्यागी
नीतीश कुमार ने वहां छह प्रमंडलों में बड़ी सभाएं की हैं। अगर अखिलेश यादव हमारी इस मेहनत का लाभ लेना चाहते हैं तो उन्हें पहल करनी चाहिए। उन्हें अविलंब नीतीश कुमार से संपर्क करना चाहिए।