जापान: शिंजो एबी की तूफानी जीत, पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई
जापान में तूफान और बारिश के बीच मतदान संपन्न हो गया है। एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ गठबंधन को दो-तिहाई बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है।
टोक्यो (एएफपी/रायटर)। जापान के आम चुनाव में मौजूदा प्रधानमंत्री शिंजो एबी की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने अभूतपूर्व जीत दर्ज की है। एबी कीएलडीएफ नेतृत्व वाले गठबंधन को संसद के निचले सदन में दो तिहाई बहुमत मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जापानी समकक्ष शिंजो आबे को उनके फिर से प्रधानमंत्री चुने जाने पर आज बधाई दी और कहा कि वह दोनों देशों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर बहुत उत्सुक हैं।
Heartiest greetings to my dear friend @AbeShinzo on his big election win. Look forward to further strengthen India-Japan relations with him.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 23, 2017
आपको बता दें कि तूफान लैन के प्रभाव से चल रही तेज हवा और बारिश की परवाह न करते हुए लाखों लोगों ने रविवार को मतदान में हिस्सा लिया था। एबी ने विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने और उत्तर कोरिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के लिए नया जनादेश पाने को तय समय से एक साल पहले चुनाव कराया।
दो-तिहाई बहुमत मिलने से एबी संविधान में संशोधन का प्रस्ताव रख सकेंगे। इससे संविधान में युद्ध की बंदिश और सेना की आत्मरक्षा की भूमिका को खत्म किया जा सकेगा।जापान में सुबह सात बजे (स्थानीय समय के अनुसार) मतदान शुरू हुआ और रात आठ बजे तक चला। पश्चिमी जापान के कोचि में भूस्खलन की वजह से 20 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। तूफान के मार्ग में पड़ने वाले दक्षिणी द्वीप पर एक दिन पहले ही शनिवार को लोगों ने मतदान किया।
भारत के साथ और मजबूत होगा संबंध
शिंजो एबी भारत के साथ संबंधों को तरजीह देते हैं। उनके कार्यकाल में भारत और जापान का संबंध मजबूत हुआ है। उनके फिर से सत्ता में आने पर इसमें और मजबूती आएगी। जापान आर्थिक और परमाणु क्षेत्र में भारत का प्रमुख सहयोगी है। उसके सहयोग से भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना शुरू की गई है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एबी ने इस परियोजना की नींव रखी थी।
जापान चुनाव
- जापान में यह 48वां आम चुनाव है।
- द्विसदनीय जापानी संसद (डायट) के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के लिए चार साल पर चुनाव होता है।
- हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की कुल संख्या 465 है और बहुमत का आंकड़ा 233 है।
प्रमुख दल और नेता
- लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी गठबंधन। नेता हैं मौजूदा प्रधानमंत्री शिंजो एबी।
- पार्टी ऑफ होप। इसकी नेता टोक्यो की गवर्नर यूरिको कोइके। वह चुनाव नहीं लड़ रहीं।
- मध्य वाम कंस्टीट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी। नेता यूकियो इदानो।
- 2014 के आम चुनाव में एबी के गठबंधन को 326 सीटें मिली थीं।