बम भोले के जयकारों के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन को पहुंचा पहला जत्था
बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा अमरनाथ समुद्रतल से करीब 3888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। बालटाल और नुनवन से गुरुवार को ही श्रद्धालुओं का पहला जत्था पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ।
नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को बम भोले के जयकारों के साथ अमरनाथ यात्रा शुरू हुई। इसके साथ गुरुवार से अमरनाथ की पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन भी शुरू हो गए। 40 दिन तक चलने वाली यह यात्रा 7 अगस्त को समाप्त होगी। बुधवार को शुरू हुई यात्रा के पहले जत्थे में 2280 यात्री भगवान शिव के हिमलिंग के दर्शन करने पहुंचे हैं।
तीर्थ यात्रा के रास्ते में दो की मौत
बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा के रास्ते में एक सुरक्षा अधिकारी और एक श्रद्धालु समेत दो लोगों की गुरुवार को मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर संजुन कुमार सिंह अपने साथियों संग बरारीमर्ग से पवित्र गुफा की तरफ जा रहे थे कि अचानक उन्होंने अपने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। उनके साथियों ने प्राथमिक उपचार देते हुए उन्हें तुरंत बालटाल स्थित आधार शिविर में बने स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों के अनुसार, 42 वर्षीय संजुन कुमार सिंह को हृदयाघात हुआ था। वह राजस्थान के जोधपुर रहने वाले थे।
यह भी पढ़ें: पांच अगस्त को होगा उपराष्ट्रपति के लिए मतदान, जानें- क्या है पूरी चुनावी प्रक्रिया
आईटीबीपी के अधिकारी के अलावा एक श्रद्धालु ने गुरुवार सुबह यात्रा मार्ग पर दम तोड़ दिया। उनकी पहचान भूषण लाल कोतवाल (50) निवासी जम्मू के रूप में हुई है। वह बालटाल के रास्ते पवित्र गुफा की तरफ जा रहा थे कि रास्ते में बारिश के चलते एक पहाड़ी पर भूस्खलन के दौरान खिसकी चट्टान उन पर आ गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
10 हजार श्रद्धालु पैदल यात्रा पर रवाना
अमरनाथ स्थित बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा समुद्रतल से करीब 3888 मीटर की ऊंचाई पर है। बालटाल और नुनवन से गुरुवार को ही श्रद्धालुओं का पहला जत्था पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ। सुबह 11 बजे तक पहलगाम और बालटाल से करीब 10 हजार श्रद्धालु पैदल ही पवित्र गुफा के लिए रवाना हो चुके थे।
कड़ी सुरक्षा में यात्रा शुरू
कड़ी सुरक्षा के बीच बम-बम भोले के जयकारों के साथ बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा के लिए बुधवार को पहला जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। इसके बाद गुरुवार सुबह पहलगाम और बालटाल से तीर्थयात्री अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए आगे बढ़े। जम्मू के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर में बुधवार सुबह सवा पांच बजे पूजा अर्चना के बाद उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले जत्थे में कुल 2280 श्रद्धालु रवाना हुए, जिसमें 1811 पुरुष, 422 महिलाएं और 47 साधु शामिल है जो 46 बसों और 26 हलके वाहनों पर सवार होकर यात्रा पर गए।
यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ आग उगलता है सलाहुद्दीन,बेटे-बेटियां करते हैं सरकारी नौकरी
यात्रियों में उत्साह, सरकार का आश्वासन
यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह नजर दिख रहा है। उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने बुधवार को श्रद्धालुओं को बाबा अमरनाथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार व श्राईन बोर्ड ने यात्रा के लिए पर्याप्त प्रबंध किए हैं। श्रद्धालुओं को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शरारती तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। यात्रा मार्ग पर हजारों सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों के बीच अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा पर जम्मू कश्मीर डीजीपी एसपी वैद्य ने कई दिन पहले ही कह दिया था कि यात्रा को लेकर सारे सुरक्षा इंतजाम किए जा चुके हैं। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित तरीके से संपन्न करायी जाएगी। जम्मू के आईजी डॉ. एससी सिंह जमवाल ने आश्वासन दिया कि पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए हैं।
यह भी पढ़ें: पिछले छह महीने में पीएम का चौथा गुजरात दौरा, जानिए क्या है मायने