इरोम शर्मिला फिर गिरफ्तार, हिरासत में भेजा
न्यायालय के आदेश पर दो दिन पहले रिहा हुई सामाजिक कार्यकर्ता इरोम चानू शर्मिला को शुक्रवार को फिर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन पर आत्महत्या का प्रयास करने के नए आरोप लगे हैं।
इंफाल। न्यायालय के आदेश पर दो दिन पहले रिहा हुई सामाजिक कार्यकर्ता इरोम चानू शर्मिला को शुक्रवार को फिर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन पर आत्महत्या का प्रयास करने के नए आरोप लगे हैं।
शर्मिला को पुलिस सरकारी अस्पताल के बाहर बनाए गए छोटे से अस्थायी आश्रय स्थल से जबरन पकड़ ले गई। मणिपुर के एडीजी (इंटेलीजेंस) संतोष माचेरला ने बताया, 'हमने शुक्रवार सुबह उन्हें फिर से गिरफ्तार किया। आत्महत्या के प्रयास के नए मामले में सीजेएम मजिस्ट्रेट ने उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।'
इंफाल में स्थानीय अदालत ने मंगलवार को 42 वर्षीय शर्मिला को उनके 14 साल से चल रहे अनशन को लेकर आत्महत्या के प्रयास के आरोप से बरी कर दिया था जिसके बाद वे बुधवार को अस्पताल में बनी जेल से बाहर आ गई थीं। माचेरला ने बताया, 'अदालत ने उन्हें पिछले मामले में रिहा किया था। अब वे दोबारा अन्न जल लेने और किसी भी चिकित्सकीय जांच से इन्कार कर रही हैं। इससे उनके स्वास्थ्य में गिरावट रही है।
उन्हें जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के उसी वार्ड में रखा जाएगा जहां उन्हें पहले रखा गया था।' उन्होंने बताया कि उनकी चिकित्सकीय जांच की जाएगी और एक बार फिर उन्हें नाक के जरिए जबरन भोजन दिया जाएगा।