गुजरात के विवादित आइपीएस अधिकारी राहुल शर्मा ने वीआरएस लिया
गुजरात के विवादित वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी राहुल शर्मा ने पुलिस सेवा से वीआरएस ले लिया है। गुजरात में उनकी सेवाकाल के दौरान उनके खिलाफ 33 जांच , 6 कारण बताओ नोटिस और दो बार उन्हें चार्जशीट किया गया।
नई दिल्ली। गुजरात के विवादित वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी राहुल शर्मा ने पुलिस सेवा से वीआरएस ले लिया है। गुजरात में उनकी सेवाकाल के दौरान उनके खिलाफ 33 जांच , 6 कारण बताओ नोटिस और दो बार उन्हें चार्जशीट किया गया।
आइआइटी कानपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाले राहुल शर्मा 1992 में भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए। 2002 में गुजरात दंगे के समय राहुल भावनगर के एसपी थे। उस समय दंगे पर नियंत्रण करने को लेकर उनकी काफी तारीफ भी हुई थी। दंगे के तीसरे दिन 10,000 लोगों की भीड़ भावनगर के बाहर स्थित एक मदरसे में आग लगाने की कोशिश कर रही थी। उस समय मदरसे में 400 से अधिक छात्र मौजूद थे। स्थिति पर नियंत्रण के लिए राहुल शर्मा ने भीड़ पर गोली चलाने का आदेश दे दिया। इसमें कई लोग घायल भी हो गए।
दंगे पर नियंत्रण को लेकर उस समय के तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री एलके आडवाणी ने राहुल शर्मा की काफी प्रशंसा भी की थी लेकिन कहा जाता है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे नाराज थे।