चीन के साथ जारी तनाव के बीच भारत अौर अमेरिका करेगा युद्धाभ्यास
भारत और अमेरिका ने 14 से 27 सितंबर तक दोनों देशों की सेनाओं के संयुक्त युद्धाभ्यास की योजना बनाई है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। पिछले माह बंगाल की खाड़ी में जापान के साथ 'मालाबार नौसैनिक अभ्यास' के बाद भारत और अमेरिका ने 14 से 27 सितंबर तक दोनों देशों की सेनाओं के संयुक्त युद्धाभ्यास की योजना बनाई है। रक्षा सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। युद्धाभ्यास के दौरान आतंकवाद रोधी अभियानों पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही दोनों देशों के सैन्य विशेषज्ञों के बीच रणनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
दोनों देशों के बीच युद्धाभ्यास की इस 13वीं श्रृंखला का आयोजन अमेरिका के लेविस मैककॉर्ड में होगा। इसका विषय संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के तहत आतंकवाद विरोधी, बगावत रोधी और क्षेत्रीय सुरक्षा व शांति बनाए रखने के अभियानों के संचालन के लिए वास्तविक सैन्य रिश्ते व पारस्परिकता या अंतरसक्रियता बनाना और बढ़ाना है। सूत्रों ने बताया कि युद्धाभ्यास में भारतीय सेना की केंद्रीय कमान की पैदल सेना की एक बटालियन और अमेरिका की पैसेफिक कमान के १ कोर के स्ट्राइकर की 5 से 20 इन्फैंट्री बटालियन भाग लेंगी।