इंडिगो के दो विमानों में आई खराबी, एक को उड़ान से हटाया
इंडिगो ने इस बारे में बयान जारी कर जानकारी दी है। बताया कि रविवार को दिल्ली से श्रीनगर पहुंचे उसके ए320 नियो विमान के इंजन में लीक के चलते खराबी का पता चला।
नई दिल्ली, आइएएनएस/प्रेट्र : निजी एयरलाइन इंडिगो के ए320 नियो विमानों के इंजन खराब होने का सिलसिला थम नहीं पा रहा है। रविवार को भी इसके दो विमान खराब हो गए। इनमें से एक को इंजन में खराबी के कारण उड़ान से हटाना पड़ा।
इंडिगो ने इस बारे में बयान जारी कर जानकारी दी है। बताया कि रविवार को दिल्ली से श्रीनगर पहुंचे उसके ए320 नियो विमान के इंजन में लीक के चलते खराबी का पता चला। इसके बाद उसे श्रीनगर हवाई अड्डे पर ही रोक लिया गया। वहां मरम्मत कर इंजन की खराबी को दूर कर दिया गया। फिर विमान को उड़ान भरने के लिए फिट घोषित कर दिया गया। इससे पहले उसने अपनी बेंगलुरु-दिल्ली उड़ान में खराबी के बारे में जानकारी दी थी। इंडिगो ने बताया कि रविवार सुबह इंजन में खराबी का पता चलने पर बेंगलुरु से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे ए320 नियो विमान की अगली उड़ान को रद कर दिया गया।
मरम्मत के दौरान उसके इंजन में मेटल चिप की मौजूदगी पाई गई। यह नियो इंजन की आम खराबी है। ध्यान रहे कि नियो इंजन में खराबी के चलते डीजीसीए के निर्देश पर इंडिगो एवं गो एयर ने बुधवार को अपनी 48 उड़ानों को रद कर दिया था।