भारत के मानसून ने यादगार बनाई अमेरिकी विदेशमंत्री जॉन कैरी की यात्रा
अमेरिकी विदेश मंत्री को जिस तरह से भारत के मॉनसून और यहां की लचर व्यवस्था से सामने करना पड़ा उसकी वजह से उनकी ये यात्रा यादगार बन गई।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विदेश मंत्री जॉन कैरी की संभवत: आधिकारिक तौर पर यह अंतिम भारत यात्रा थी लेकिन यह उन्हें ताउम्र याद रहेगी। भारत और अमेरिका के रिश्तों को नया आयाम देने के साथ ही इस यात्रा के दौरान जिस तरह से उनका सामना भारत के मानसून और यहां की लचर यातायात व्यवस्था से हुआ है, उस वजह से भी यह यात्रा यादगार रहेगी।
कैरी ने सोमवार (29 जुलाई, 2016) को नई दिल्ली में कदम रखा और उसी समय यहां जबरदस्त बारिश हो रही थी। होटल पहुंचने में उनका काफिला दो घंटे तक दिल्ली की ट्रैफिक जाम में फंसा रहा। बुधवार को बारिश और ट्रैफिक पुलिस के तमाम इंतजामात के बावजूद कैरी आइआइटी दिल्ली में अपने कार्यक्रम में निर्धारित समय से 40 मिनट देरी से पहुंच पाये।
पढ़ें- भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेशमंत्री जॉन कैरी आज नहीं लौटेंगे वापस
किसी तरह से आइआइटी पहुंचे कैरी ने दिल्ली मानसून व सड़कों पर जल जमाव पर चुटकी भी ली। उन्होंने आइआइटी छात्रों से कहा कि, ''क्या वह नाव से समारोह स्थल पर पहुंचे हैं। आप सभी को यहां समय पर पहुंचने के लिए पुरस्कार दिया जाना चाहिए। मैं आप सभी को सैल्यूट करता हूं।''
बारिश की वजह से दिल्ली के तीन धार्मिक स्थलों पर उनके जाने का कार्यक्रम भी स्थगित करनी पड़ी। देर शाम को कैरी को वापस लौटना था जिसे रद्द कर दिया गया है। संभवत: कैरी का वायुयान अब गुरुवार को उड़ान भरेगा। खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैरी ने स्वदेश लौटना क्यों स्थगित किया है।
पढ़ें- विश्व में अब शक्तिशाली देश के तौर पर होती है भारत की पहचान- अमेरिका