लद्दाख में एलएसी तक सड़क संपर्क सुधारेगा भारत
भारत सीपीईसी पर नजदीकी नजर रख रहा है। यह कॉरिडोर क्षेत्र में काराकोरम पहाडि़यों से होकर गुजरेगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) तक सड़क संपर्क बेहतर बनाने पर काम कर रहा है। चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर (सीपीईसी) निर्माण को देखते हुए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क ढांचे को उन्नत बनाने के लिए कदम उठाया गया है। भारत सीपीईसी पर नजदीकी नजर रख रहा है। यह कॉरिडोर क्षेत्र में काराकोरम पहाडि़यों से होकर गुजरेगा।
एलएसी तक सड़क सुधारने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआइ) से संपर्क किया है। उसने सीआरआरआइ से एलएसी तक जाने वाली 55 किमी सड़क पर खासकर सासोमा और सासेर ब्रांग्सा के बीच पड़ने वाले पैच का हल निकालने का सुझाव मांगा है। पैच ठीक करने काम खराब मौसम और प्रतिकूल पहाड़ी की वजह से प्रभावित होता है।
एलएसी तक जाने वाला यह वैकल्पिक मार्ग सबसे कम दूरी वाला लेकिन सबसे मुश्किल है। यह छह महीने से अधिक बर्फ से ढका रहता है और यहां अक्सर हिमस्खलन होता है। बीआरओ के संपर्क साधने के बाद सीआरआरआइ ने रडार और अन्य तकनीकों से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का सर्वेक्षण कराया है। सीआरआरआइ के निदेशक सतीश चंद्रा ने कहा कि हमने सड़क को लेकर लंबी और कम अवधि के उपाय सुझाए हैं।