भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास 'धर्म गार्जियन' शुरू, दोनों देशों के 25-25 सैनिक ले रहे भाग
इस सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना और जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स (JGSDF) के 25-25 सैनिक भाग ले रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भारत और जापान के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यास 'धर्म गार्जियन-2019' शनिवार को मिजोरम के वैरेंगते में स्थित काउंटर इंसर्जेंसी वारफेयर स्कूल में शुरू हुआ। 14 दिनों तक चलने वाला यह अभ्यास दो नवंबर 2019 को संपन्न होगा।
कोलकाता में पूर्वी सेना कमान मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि इस सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना और जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स (JGSDF) के 25-25 सैनिक भाग ले रहे हैं। इसका लक्ष्य अपने-अपने देशों में आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए अपने अनुभवों को साझा करना है। जापानी दल का नेतृत्व 34वीं इन्फैंट्री रेंजिमेंट की एक टुकड़ी, जबकि भारतीय दल का नेतृत्व डोगरा रेजिमेंट की एक बटालियन कर रही है।
पिछले वर्ष हुई थी शुरुआत
धर्म गार्जियन अभ्यास दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग सहित सामरिक संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में भारत में 2018 में शुरू किया था। विशेष रूप से भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ शुरू किए गए सैन्य प्रशिक्षण अभ्यासों की श्रृंखला में धर्म गार्जियन जापान के साथ शुरू किया एक महत्वपूर्ण अभ्यास है, जो वैश्रि्वक आतंकवाद की पृष्ठभूमि में दोनों देशों के सामने आने वाली सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में और भी महत्वपूर्ण है। अभ्यास के दौरान दोनों ही पक्षों के विशेषज्ञ परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी विशेषज्ञता को साझा करने के लिए विस्तृत परिचर्चा भी करेंगे।
यह भी पढ़ें: महात्मा गांधी की 150वीं वर्षगांठ पर पीएम मोदी के घर जुटी बॉलीवुड की बड़ी हस्तियां, देखें तस्वीरें
यह भी पढ़ें: कश्मीर पर तुर्की को भारत का कड़ा संदेश, पीएम मोदी का दौरा हुआ रद