'गुलामी की जंजीरों ने भारत को मौजूदा वैश्विक व्यवस्था के लिए किया तैयार'
केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने करीब एक सदी पहले औपनिवेशिक शक्तियों को भारत की चुनौती को मौजूदा वैश्विक व्यवस्था के उदय की शुरुआत का श्रेय दिया।
हैदराबाद, पीटीआई। केंद्रीय मंत्री एम.जे. अकबर ने शनिवार को हैदराबाद में कहा कि भारत 21वीं सदी में वैश्विक व्यवस्था को आकार देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने करीब एक सदी पहले औपनिवेशिक शक्तियों को भारत की चुनौती को मौजूदा वैश्विक व्यवस्था के उदय की शुरुआत का श्रेय दिया।
विदेश राज्य मंत्री हैदराबाद में कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट (सीडीएम) के दौरे में हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स (एचडीएमसी) के प्रतिभागी अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान उभरती वैश्विक व्यवस्था में भारत की आकांक्षाएं एवं भूमिका विषय पर बोल रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ दुनिया में चल रही जंग को चौथा विश्व युद्ध की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि इसमें नॉन स्टेट एक्टर्स के शामिल होने के कारण उहापोह की स्थिति है। कानून के राज में विश्वास नहीं करने वाले नॉन स्टेट एक्टर्स से निपटने की रणनीति को लेकर संशय की स्थिति है।
यह भी पढ़ें: मकर संक्रांति पर्व पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी