DEL-NCR : फरवरी में तापमान 26 के पार, आज हो सकती है बारिश
राजधानी दिल्ली में बुधवार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीते पांच सालों में ये तापमान 10 फरवरी को दर्ज सबसे अधिक तापमान है। बृहस्पतिवार व शुक्रवार को राजधानी में हल्की बूंदाबादी हो सकती है।
नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में बुधवार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीते पांच सालों में ये तापमान 10 फरवरी को दर्ज सबसे अधिक तापमान है, जबकि दूसरी ओर बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञों की माने तो बृहस्पतिवार व शुक्रवार को राजधानी में हल्की बूंदाबादी हो सकती है। इस दौरान सुबह के समय कोहरा भी सताएगा। जहां प्रदूषण की बात है तो बुधवार को दिल्ली में प्रदूषण का स्तर सामान्य से ढ़ाई गुना अधिक दर्ज हुआ।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सुबह चल रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं की दिशा शाम होते-होते बदलकर दक्षिणी-पूर्वी हो गई और इसके परिणामस्वरूप सुबह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ न्यूनतम तापमान अधिकतम के स्तर पर सामान्य से 3 डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
दोपहर में धूप का असर कुछ इस तरह से नजर आया है कि लोगों को फरवरी माह में गर्मी के लौटने का अहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि मौसम में आया बदलाव शनिवार तक रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि संभावना है कि 11 व 12 फरवरी को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अब राजधानी में अगले दो-तीन दिन सुबह के समय बादल व कोहरे का असर भी दिखेगा। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे सफदरजंग मौसम विज्ञान केंद्र पर न्यूनतम दृश्यता 200 मीटर और पालम मौसम विज्ञान केंद्र पर 50 मीटर दर्ज हुई।
बीते पांच सालों में 10 फरवरी को दर्ज अधिकम व न्यूनतम तापमान
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2011 23 09
2012 19 06
2013 23 07
2014 20 05
2015 26 10