मानव संसाधन मंत्रालय शुरू करेगा 200 कोर्स
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि मानव संसाधन मंत्रलय अगले वर्ष आर्थिक रूप से पिछड़े विद्यार्थियों के लिए ग्रेजुएट, अंडर ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट के 200 से अधिक नए कोर्स शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही ऐसी नई शिक्षा नीति का खाका पेश करेगी,
नई दिल्ली। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि मानव संसाधन मंत्रालय अगले वर्ष आर्थिक रूप से पिछड़े विद्यार्थियों के लिए ग्रेजुएट, अंडर ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट के 200 से अधिक नए कोर्स शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही ऐसी नई शिक्षा नीति का खाका पेश करेगी, जो मानवता को संस्कार सिखाएगी। इस दौरान उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं से किया।
स्मृति ईरानी रविवार दोपहर बाद रंजीत एवेन्यू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 60वें राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि देशभर के तकनीकी कॉलेज जो (रेगुलेटर प्रणाली) से जुड़े हैं उन्हें एक पोर्टल के साथ जोड़ दिया गया है। इन कॉलेजों के प्रोस्पेक्टस के आधार पर यदि बुनियादी ढांचे व शिक्षा की गुणवत्ता की कमी है तो विद्यार्थी शिकायत कर सकते हैं। शिक्षा कागज की मोहताज न रहे, इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। अच्छे कोर्स विद्यार्थी व विश्वविद्यालय के दरवाजे तक पहुंचें, इसके लिए राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर क्रेडिट ट्रांसफर एजुकेशन सिस्टम के माध्यम से पोस्ट ग्रेजुएशन तक के कोर्स शुरू कर दिए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से स्वच्छ भारत व स्वच्छ विश्वविद्यालय परिसर के लिए अभियान छेड़ा जाएगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी पूरी करते हुए स्वच्छ भारत का अभियान चलाए।
आप्टे को याद कर भावुक हुईं मंत्री
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता बाबा आप्टे को याद करते हुए स्मृति ईरानी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि बाबा आप्टे ने उन्हें पद की जिम्मेदारी का अहसास करवाया था। वह मानव संसाधन मंत्रलय की मंत्री नहीं, उसके दायित्व को संभालने वाली सेवक हैं।
अरुणिमा स्वच्छ भारत अभियान की अंबेसडर
कृत्रिम पैर से एवरेस्ट फतह करने वाली उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर की अरुणिमा सिन्हा को स्वच्छ भारत अभियान की अंबेसडर घोषित करते हुए स्मृति ने कहा कि बेटियों के लिए स्कूल में शौचालय का निर्माण हो। वे सामाजिक सशक्त हों। अरुणिमा सिन्हा इसके लिए प्रयास करेंगी।