दिलचस्प मोड़ पर जुबानी जंग, हिलेरी ने ट्रंप को बताया जाली और मूर्ख
अमेरिका में ट्रंप और हिलेरी एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। ट्रंप के कटाक्ष पर हिलेरी क्लिंटन ने अपने अंदाज में जवाब दिया।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी क्लिंटन और ट्रंप के बीच जुबानी जंग तीखी हो चली है। मंगलवार को जारी हिलेरी के पक्ष में जारी एक पोस्टर में ट्रंप को जाली, महामूर्ख और असभ्य जैसे विशेषणों से नवाजा गया है। जब इस मामले में डेमोक्रेट्स नेताओं से पूछा गया कि क्या हिलेरी क्लिंटन ट्रंप के बारे में इस तरह की राय रखती हैं।तो नेताओं ने कहा कि दरअसल इस तरह की सोच तो रिपब्लिकन पार्टी के नेता ही ट्रंप के बारे में सोचते हैं । ये अलग बात है कि हिलेरी के पोस्ट र पर ये सब नजर आ रहा है।
मिस फायर करने वाली ढीली तोप हैं ट्रंप- हिलेरी क्लिंटन
पोस्टर पर ट्रंप के बारे में इसके अलावा और उपाधियों का जिक्र किया गया है। मसलन ट्रंप एक ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्हें किसी भी विषय की जानकारी नहीं है। वो एक सांड की तरह है जो अपनी शक्ति का इस्तेमाल बिना सोचे समझे कहीं भी कर सकता है। वो एक ऐसे कलाकार हैं जिसकी कला की तारीफ वो खुद करता है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक हिलेरी के पोस्टर में लिखी गई बातों के समर्थन में ट्रंप की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हालांकि वो खुद हिलेरी का मजाक उड़ाने से पीछे नहीं रहते हैं। इंडियाना प्राइमरी के बाद ट्रंप ने कहा था कि वो एक कमजोर महिला हैं जिसे अंतरराष्ट्रीय मामलों की समझ नहीं है। वो खुद वास्तविकता से हट कर सपने देखती हैं और अमेरिकी नागरिकों को सपने दिखाती हैं।
इंडियाना में हिलेरी की हार पर ट्रंप ने कहा कि अच्छा हुआ कि दुष्ट हिलेरी को सैंडर्स ने हरा दिया। टेड क्रूज और कैसिज के दावेदारी के रेस से बाहर हो जाने के बाद ट्रंप का रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने का रास्ता साफ हो गया है।
गौरतलब है कि आठ नवंबर को होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स अपनी पार्टी की तरफ से उम्मीदवारों का चयन करने में जुटे हैं।