गुवाहाटी में बन रही दुनिया की सबसे ऊंची बांस की दुर्गा प्रतिमा
बांस की बल्लियों से बनी दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। इसे बनाने में करीब 5,000 बांस की बल्लियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
गुवाहाटी, जेएनएन। बांस की बल्लियों से बन रही 101 फीट ऊंची माता दुर्गा की प्रतिमा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल होने जा रही है। यह बांस की बल्लियों से बनी दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। इसे बनाने में करीब 5,000 बांस की बल्लियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कला निर्देशक नूरुद्दीन अहमद और 40 कलाकारों की उनकी टीम गुवाहाटी की बिष्णुपुर सर्वोजनिन दुर्गा पूजा कमेटी के लिए इस प्रतिमा को बना रही है। उनकी टीम ने एक अगस्त को इस प्रतिमा को बनाने का काम शुरू किया था। निर्माण कार्य की देखरेख करने वाले दीप अहमद बताते हैं कि इसे बनाने में किसी भी धातु या प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
शुरुआत में आयोजकों की योजना करीब 110 फीट ऊंची प्रतिमा बनाने की थी। लेकिन, 17 सितंबर को आए तेज तूफान में प्रतिमा का पूरा ढांचा गिर गया। दुर्गा पूजा का चार दिवसीय उत्सव 27 सितंबर से शुरू होना है। लिहाजा टीम के सामने इतने कम समय में काम पूरा करने की चुनौती थी। वह बताते हैं कि लोगों ने उन्हें फिर से शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया और अब प्रतिमा का 70 फीसद ढांचा बन चुका है। 1975 से इस काम से जुड़े नूरुद्दीन अहमद से अक्सर पूछा जाता है कि मुस्लिम होने के बावजूद वह माता दुर्गा की प्रतिमा क्यों बनाते हैं। इस पर वह गर्व से बताते हैं कि कलाकार का कोई धर्म नहीं होता। मानवता की सेवा ही कलाकार का एकमात्र धर्म और कर्तव्य होता है।