समय पूर्व सेवानिवृत्त होंगे पाकिस्तान के उच्चायुक्त बासित
भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित समय से पहले सेवानिवृत्त होंगे। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से इस आशय का आग्रह किया था।
इस्लामाबाद, प्रेट्र : भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित समय से पहले सेवानिवृत्त होंगे। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से इस आशय का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने उनका आग्रह स्वीकार कर लिया है। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया में दी गई है।
बासित को अप्रैल 2018 में विदेश मंत्रालय से सेवानिवृत्त होना था। उन्होंने प्रधामंत्री शरीफ को समय से पहले सेवानिवृत्त होने की अर्जी सौंपी थी। पाकिस्तान के वरिष्ठ राजनयिक नई दिल्ली में तीन वर्षो का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। अगले महीने सोहैल महमूद भारत में उच्चायुक्त की जवाबदेही संभालेंगे। 55 वर्षीय महमूद अभी तुर्की में पाकिस्तान के राजदूत हैं। वह 1985 में पाकिस्तानी विदेश सेवा में शामिल हुए थे।मीडिया ने यह नहीं बताया है कि आखिर बासित समय से पहले क्यों सेवानिवृत्त होना चाहते हैं। लेकिन विदेश विभाग के सूत्रों ने बताया था कि मौजूदा विदेश सचिव तहमिना जानुजा की नियुक्ति को लेकर वह नाराज चल रहे हैं। जानुजा उनसे कनिष्ठ अधिकारी हैं।