हेमंत विश्व सरमा बन सकते हैं बाइ के अंतरिम अध्यक्ष
विश्व सरमा असम बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष है। बाइ का अंतरिम प्रमुख बनने के लिए उन्हें एसोसिएशन के सभी सीनियर सदस्यों का समर्थन हासिल है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बाइ) ने रविवार को लखनऊ में कार्यकारी परिषद की बैठक बुलाई है। इसमें भाजपा नेता हेमंत विश्व सरमा को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की संभावना है। यह बैठक पूर्व अध्यक्ष अखिलेश दास गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हुए पद को भरने के लिए बुलाई गई है।
विश्व सरमा असम बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष है। बाइ का अंतरिम प्रमुख बनने के लिए उन्हें एसोसिएशन के सभी सीनियर सदस्यों का समर्थन हासिल है। बाइ के महासचिव अनूप नारंग ने कहा, 'हमने रविवार को लखनऊ में कार्यकारी परिषद की बैठक बुलाई है। इसमें कार्यकारी परिषद के सदस्यों द्वारा अंतरिम अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। अंतरिम अध्यक्ष जून, 2018 में होने वाले महासंघ के चुनाव तक अपने पद पर बने रहेंगे। एक उपाध्यक्ष बैठक की अध्यक्षता करेंगे। देखते हैं इसमें क्या होता है।' विश्व सरमा असम के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्री हैं।
यह भी पढ़ें: भारतीय बैडमिंटन संघ ने विजय सिन्हा को किया बर्खास्त