झारखंड : जमशेदपुर में भारी बारिश में डूबे 900 मकान, बाढ़ जैसे हालात
रविवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश से शहर के निचले इलाकों में भारी तबाही मची है। शहर के तकरीबन 900 मकान डूब गए हैं। दीवार गिरने, डूबने व करंट लगने से चार लोगों की मौत हो गई है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
जमशेदपुर। रविवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश से शहर के निचले इलाकों में भारी तबाही मची है। शहर के तकरीबन 900 मकान डूब गए हैं। दीवार गिरने, डूबने व करंट लगने से चार लोगों की मौत हो गई है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
मंगलवार दोपहर से ही खरकई और स्वर्णरेखा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, शाम सात बजे ओडिशा के बैंकवेल और खरकई डैम का एक-एक फाटक खोल देने से शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने की आशंका है।
इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने नदी से सटे निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। संबंधित नगर निकायों के विशेष अधिकारियों ने इन इलाकों में एलान करा दिया है कि लोग होशियार हो जाएं और निचले इलाके के लोग अपने घर छोड़ कर ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। नदियों में लगातार बढ़ रहे पानी के मद्देनजर सेना को भी अलर्ट कर दिया गया है।