दो दिन की बारिश में मुंबई हुई अस्त-व्यस्त
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से मुंबई में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। शहर में जगह जगह जाम लग गया और उपनगरीय इलाकों में ट्रेन सेवा भी बाधित हुई। ग्रेटर मुंबई नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि निचले इलाकों जैसे परेल, सिओन, कुर्ला और घाटकोपर में पानी भर गया है।
मुंबई। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से मुंबई में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। शहर में जगह जगह जाम लग गया और उपनगरीय इलाकों में ट्रेन सेवा भी बाधित हुई।
ग्रेटर मुंबई नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि निचले इलाकों जैसे परेल, सिओन, कुर्ला और घाटकोपर में पानी भर गया है। उन्होंने बताया कि वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर भी वाहनों के आने जाने में गंभीर समस्याएं पैदा हुई। उनके मुताबिक, इन इलाकों से पानी निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि दोपहर तक मुंबई में हाईटाइड का असर था, लेकिन उसके बाद पानी घटना शुरू हो गया। देर शाम फिर समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना है।
दूसरी ओर बारिश के चलते कुर्ला, चूनाभट्टी, भांडुप, डॉकयार्ड, सिओल इलाकों में ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। यहां ट्रेनें 25 से 30 मिनट लेट चलीं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, मुंबई के महानिदेशक वीके राजीव के मुताबिक, मानसून के दोबारा जाग्रत होने से मुंबई समेत पूरे कोंकण क्षेत्र में अगले 2-3 दिनों में भारी बारिश हो सकती है।