हरियाणा पुलिस को साप्ताहिक अवकाश का तोहफा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को हर सप्ताह पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से एक दिन का अवकाश देने का एलान किया है।
गुड़गांव, जेएनएन। हरियाणा पुलिस में काम कर रहे लगभग 60 हजार जवानों के लिए रविवार को मजदूर दिवस का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। गुड़गांव पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हर सप्ताह पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से एक दिन का अवकाश देने की घोषणा की है।
साथ ही, जल्द ही पुलिस विभाग में 7200 नई भर्तियां करने की भी घोषणा की। खास बात यह है कि इस भर्ती में पूर्व सैनिकों के लिए एक हजार पद आरक्षित होंगे।
मुख्यमंत्री ने हर उपमंडल स्तर पर एक महिला थाना खोलने की भी घोषणा की। अभी तक जिला स्तर पर महिला थाने खुले हुए हैं। महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए नए थाने खोलने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री यहां गुड़गांव पुलिस के हाइटेक मुख्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने पहुंचे थे। 7200 पदों की भर्ती में 200 महिला इंस्पेक्टर, एक हजार महिला पुलिसकर्मी, पांच हजार पुरुष पुलिसकर्मी और एक हजार पूर्व सैनिक भर्ती किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश में पुलिसकर्मियों की कमी को देखते हुए तुरंत समाधान के तौर पर भी तीन हजार पूर्व सैनिकों को अस्थायी नियुक्ति दी जाएगी।
ये सभी पूर्व सैनिक 50 वर्ष से कम आयु के होंगे और इनका वेतन 14 हजार रुपये प्रतिमाह रहेगा। उन्होंने अगले एक साल में पुलिसकर्मियों के लिए 3060 आवास तैयार करने की घोषणा भी की। ये आवास प्रदेश के सभी जिलों में बनाए जाएंगे।