गुजरात कांग्रेस में राहुल को पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में प्रस्ताव पेश किया।
अहमदाबाद, प्रेट्र। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया। प्रदेश इकाई ने सोमवार को पारित प्रस्ताव में कहा है कि पार्टी उपाध्यक्ष को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में प्रस्ताव पेश किया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि बैठक में गुजरात कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि भी शामिल थे। उन्होंने कहा, 'प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हुआ क्योंकि पार्टी के सभी नेताओं ने इसका समर्थन किया। उम्मीद है कि इस साल नवंबर तक राहुलजी पार्टी अध्यक्ष का प्रभार संभाल लेंगे।'
उन्होंने कहा कि अब यह प्रस्ताव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पास भेजा जाएगा। अभी तक उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, दिल्ली सहित कई राज्य इकाइयां इस तरह का प्रस्ताव पारित कर चुकी हैं। इन राज्य इकाइयों ने राहुल गांधी को पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का समर्थन किया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश के चुनावी रण में बेटे को उतारेंगे वीरभद्र सिंह